जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आज शुक्रवार को महानगर में मुस्लिम इलाकों में बदहाली को लेकर पार्षद रिजवान अंसारी अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे हैं। कांच के पुल पर पार्षदों का धरना शुरू होने की जानकारी लगते ही प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साफ-सफाई की व्यवस्था करने का आश्वासन देकर पार्षदों को उठाने का प्रयास किया गया लेकिन, वह नहीं माने।
मेरठ के लिसाड़ीगेट इलाके में वार्ड 82, 83, 72 और 79 में सफाई नहीं हो रही है। जिसको लेकर स्थानीय लोग पार्षदों से शिकायत करते हैं। पार्षद रिजवान अंसारी का कहना है कि प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से सफाई के लिए कहा गया। इसके बावजूद कोई सुधार होने को तैयार नहीं है।
शहर की बदहाली को देखते हुए आज शुक्रवार सुबह पार्षद रिजवान अंसारी अपने समर्थकों के साथ धरना देकर बैठ गए। चेतावनी दी है कि यदि रोजाना यहां पर साफ सफाई नहीं होगी तो वे धरने पर बैठे रहेंगे।
प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह का कहना है कि पार्षद को समझाया गया है। सफाई निरीक्षक और सफाई कर्मचारी को मौके पर बुलाया गया और सख्त हिदायत दी है कि अगर सफाई की शिकायत आई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

