- कर्तव्यों और दायित्वों का उचित निर्वहन न करने में लापरवाही बरतने पर हुई कार्रवाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. एमडी ईशा दुहन ने केबल की खरीद में अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का उचित निर्वहन न करने, लापरवाही बरतने पर दो अधिशासी अभियंता, एक सहायक अभियंता एवं एक भंडार अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बताया गया कि जनपद मुरादाबाद के विद्युत वितरण उपखंड तृतीय बिलारी में एलटी एबी केबल क्षतिग्रस्त होने के कारण विद्युत आपूर्ति लंबी अवधि के लिए बाधित हुई। जिसके कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। एलटी केबल की जांच कराए जाने पर एलटी केबल मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। यह एलटी केबल मैसर्स वी मार्क इंडिया लिमिटेड की ओर से दिया गया था।
इसकी गुणवत्ता के सम्बंध में निरीक्षण/परीक्षण शेर सिंह अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय परीक्षण खंड तृतीय, गाजियाबाद ने किया था। इस एलटी केबल को विद्युत भंडार खंड मुरादाबाद पर मनोज कुमार सहायक अभियंता विद्युत भंडार खंड मुरादाबाद एवं अमित कुमार भंडार अधीक्षक विद्युत भंडार खंड मुरादाबाद ने मात्रा एवं गुणवत्ता की जांच कर प्राप्त किया था। इस केबल के मामले में अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का उचित निर्वहन न करने, निगम की छवि धूमिल करने, विभाग को वित्तीय हानि पहुचाने, घोर लापरवाही बरतने पर चारों अधिकारियों को निलम्बित किया गया है।

