- सोना लेकर भागने की इस घटना का थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज हो गया
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सदर के सराफा बाजार के कई दुकानदारों का सोना लेकर एक बंगाली कारीगर फरार हो गया। सोना लेकर भागने की इस घटना का थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से महाराष्ट्र निवासी संदीप शिंदे यहां सदर में रंजीतपुरी इलाके में किराए के मकान में रहता है। शहर सराफा के कलाल खाना इलाके में वह मजदूरी में सोने की ज्वैलरी बनाने का काम करता है। सराफा बाजार के कई दुकानदारों ने उसको आर्डर पर ज्वेलरी बनाने के लिए सोना दिया हुआ है। करीब डेढ़ किलो से ज्यादा सोना अलग-अलग दुकानदारों ने संदीप शिंदे को दिया है।
संदीप शिंदे के पास कई बंगाली कारीगर मजदूरी पर सोने की ज्वेलरी बनाने का काम करते हैं। उसके पास पश्चिम बंगाल निवासी मोहन नाम का एक कारीगर भी काम करता है। आरोप है कि चार दिन पहले मोहन अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर संदीप शिंदे के यहां से चार दिन पहले करीब डेढ़ किलो सोना जिसकी कीमत एक करोड़ से ज्यादा बैठती है, लेकर गायब हो गया। संदीप शिंदे पहले तो खुद ही उसको तलाशता रहा। इस बीच सोना लेकर बंगाली कारीगर के गायब होेने की खबर जब पूरे बाजार में फैल गयी
तो जिन्होंने अपन सोना मजदूरी पर ज्वेलरी बनाने को दिया था उन्होंने संदीप शिंदे पर तकादा करना शुरू कर दिया। इसको लेकर बाजार के दुकानदारों व संदीप शिंदे के बीच बातचीत भी हुई। दुकानदारों को भरोसा दिलाया गया कि उनके सोने का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। तय किया गया कि पुलिस को मामले की जानकारी दी जाए। सदर बाजार थाने पर संदीप शिंदे ने तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा लाइन हाजिर, कई दारोगा इधर से उधर
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा विष्णु कौशिक को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके अलावा एसएसपी डा. विपिन ताडा ने बृहस्पतिवार को कई दारोगा इधर-उधर किए। कई चौकी प्रभारियों को भी बदल दिया। आदेश कुमार को देहली गेट थाने से वैली बाजार चौकी प्रभारी, अखिलेश कुमार को सदर बाजार थाने से देहली गेट की पटेलनगर चौकी प्रभारी भेजा। विपिन नेगी को थाना लिसाड़ी गेट इस्लामाबाद चौकी प्रभारी, रितुराज को थाना परतापुर से कताई मिल चौकी प्रभारी, योगेश गिरी को परतापुर से घाट चौकी प्रभारी के पद पर भेजा है।
नरेंद्र यादव को टीपी नगर थाने से मलियाना चौकी, अभय यादव को थाना देहली गेट से ब्रह्मपुरी की माधवपुरम चौकी, मनीष कुमार को सदर थाने से ब्रह्मपुरी की गणेशपुरी चौकी, शीलेंद्र कमार को सरधना थाने से मोदीपुरम चौकी, शेखर को पल्लवपुरम थाने से दुुल्हेड़ा चुंगी चौकी, सचिन कुमार को रेलवे रोड थाने से नौचंदी की कैलाशपुरी चौकी भेजा है। उदयवीर सिंह से मेडिकल थाने से जेल चौकी प्रभारी, नरेश माहौर को फलावदा थाने से रोहटा की पूठ चौकी प्रभारी और दीपक जायसवाल को फलावदा कस्बा चौकी प्रभारी बनाया है। अभिषेक प्रताप किठौर थाने से ललियाना चौकी प्रभारी भेजा है। पुलिस लाइन से कई दारोगाओं को चौकी प्रभारी के पद पर भेजा है।
सुभाष चंद्र को बिजलीबंबा चौकी, अजीत कुमार को कांवड़ सैल से लिसाड़ी गेट की पिलोखड़ी चौकी, अमित कुमार को कंकरखेड़ा हाइवे चौकी, ओमपाल सिंह को सरधना की सलावा चौकी, शैलेंद्र सिंह को सरूरपुर की हर्रा चौकी, रामवीर सिंह को खिवाई चौकी, अंकित कुमार चौहान को जानी थाने की भोला चौकी, प्रमोद कुमार को सुभारती चौकी, रतिभान को किनौनी मिल चौकी, अनिल कुमार को रोहटा चौकी, रामसुभग यादव को कल्याणपुर चौकी, ब्रजमोहन सिंह को लावड़ चौकी, संदीप कुमार को खरखौदा चौकी भेजा है।

