- नौचंदी पुलिस की दबिश छत से कदकर भागा आरोपी सुहेल शीला, मची रही अफरा-तफरी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिल्ली के साउथ एक्स थाने से आयी एटीएस की टीम ने शुक्रवार देर रात सदर बाजार थाना के सोतीगंज में दबिश दी। सूत्रों ने जानकारी दी है कि दिल्ली एटीएस ने पहले थाना सदर बाजार में आमद दर्ज करायी। उसके बाद सदर पुलिस के साथ लेकर सोतीगंज के अजहरुद्दीन उर्फ अज्जू के यहां दबिश दी। सोतीगंज के अज्जू कबाड़ी की गिनती वाहन चोरों के सरगना के रूप में की जाती है।
यह पुराना हिस्ट्रीशीटर है। कई बार जेल जा चुका है। एक बार लिसाड़ीगेट पुलिस ने मुठभेड़ में इसके गोली मारी थी। कई थानों से इसको जेल भेजा गया है। इसके अलाव साकिब उर्फ गद्दू के यहां भी दिल्ली एटीएस व सदर पुलिस ने दबिश दी, लेकिन उनके हत्थे कोई चढ़ नहीं सका। कुछ मिनट सोतीगंज में रुकने के बाद दिल्ली एटीएस वापस लौट गयी।
थाना नौंचदी से पॉक्सो में वांछित सुहेल ऊर्फ शीला की तलाश में शुक्रवार की रात को दिल्ली पुलिस ने दबिश दी। हालांकि इससे पहले कि पुलिस का शिकंजा उसकी गर्दन पर कसता वह छत से कूदकर भाग गया। दबिश के लिए भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा था, लेकिन पुलिस वालों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, चंद घंटे बाद छोड़ा
मेरठ: लिसाड़ीगेट की एक कॉलोनी में महिला ने पड़ोसी युवक पर छेड़छाड़ कर परेशान करने का आरोप लगाया है। पीड़िता विवाहित ने शुक्रवार को थाने पर आरोपी के खिलाफ शिकायत की है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी अश्लील कमेंट करता है। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के एक कॉलोनी की रहने वाली विवाहिता महिला ने बताया उसका पति से विवाद चल रहा है। अलग किराए के मकान में रहती है। पास का ही रहने वाला युवक काफी दिनों से उसे कॉल कर परेशान कर रहा था।
जब विवाहिता घर से बाहर जाती तो आरोपी अश्लील कमेंटबाजी कर छेड़छाड़ करता है। विवाहिता की विरोध करने का आरोपी ने तेजाब फेंकने की धमकी दी। शुक्रवार को आरोपी की हरकतों से परेशान होकर विवाहिता ने थाने पर शिकायत की है। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत मे लेकर थाने ले आए। आरोप है कि चंद घंटे बाद आरोपी थाने से सांठगांठ कर छूट गया। उधर, सीओ कोतवाली का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है।
खिर्वा में सस्ता सामान दिलाने के नाम पर ठगी
सरधना: क्षेत्र के खिर्वा जलालपुर गांव में ठग ने एक महिला से सस्ती हीरे की आभूषण और कॉस्मेटिक का सामान दिलाने के नाम पर 18 हजार रुपये ठग लिए। शुक्रवार को पीड़िता ने कोतवाली पहुंच कर घटना की तहरीर देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली क्षेत्र के खिर्वा जलालपुर गांव निवासी पूजा पत्नी राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि दो दिन पूर्व उसके सोशल अकाउंट पर एक अज्ञात व्यक्ति की वीडियो कॉल आई थी। उसने सस्ते में आभूषण व कॉस्मेटिक का सामान दिलाने की बात कही थी।
जिसकी एवज में आरोपी ने महिला से 18 हजार रुपये अपने खाते में आॅनलाइन डलवा लिए। आरोपी ने फर्जी तरीके से उसकी अश्लील वीडियो बना दी। अब उसको महिला के पास भेजकर ब्लैकमेल कर रहा है। आरोपी महिला से 40 हजार रुपये की मांग कर रहा है। पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। जिस पर महिला ने अपने पति को मामले से अवगत कराया। शुक्रवार को पीड़िता ने कोतवाली पहुंच कर घटना की तहरीर देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

