- तीमारदार ने फोड़ा डाक्टर का सिर, डाक्टरों ने छीना महिला का शव
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एलएलआरएम मेडिकल की इमरजेंसी में महिला की जांच कर रहे डाक्टर से मारपीट से गुस्साए डाक्टरों सोमवार की रात मेडिकल में जमकर हंगामा किया। इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को वहां से भगा दिया। मरीज रोते रहे, लेकिन उनका दिल नहीं पसीजा। मेडिकल प्राचार्य व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरती के भगवान कहे जाने वाले मरीजों के प्रति मानवीय संवेदनाएं तार-तार करते नजर आए।
मिली जानकारी के अनुसार मेडिकल इमरजेंसी में लायी गयी महिला की जांच कर रहे एक जेआर का तीमारदार ने क्लीनिकली इंस्ट्रूमेंट मारकर सिर फोड़ दिया और फरार हो गया। इस घटना से गुस्साए डाक्टरों ने जमकर हंगामा किया। इमरजेंसी सेवाएं ठप कर दीं। बिल्डिंग का गेट बंद कर दिया गया। वहां भर्ती मरीजों को भगा दिया। कह दिया कि किसी का इलाज नहीं होगा। मरीजों के साथ जमकर गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की गई। इतना ही नहीं जिस शख्स ने डाक्टर का सिर फोड़ा था। उसके परिवार की महिला का शव भी डाक्टरों ने जब्त कर लिया।
आरोप है कि महिला के शव के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। हंगामे की सूचना पर मेडिकल प्राचार्य डा. आरसी गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। मिली जानकारी के अनुसार मवाना निवासी रेखा को परिजन बेहद गंभीर अवस्था में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे। वहां से उसको मेडिकल रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि महिला को मृत अवस्था में इमरजेंसी में लाया गया था। इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात जेआर डा. मनीष उसको पंप कर रहे थे। जब शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो उन्होंने कहा कि दिया कि महिला मर चुकी है।
इसको लेकर तीमारदार ने हंगामा शुरू दिया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। इसी बीच तीमारदार ने क्लीनिकल इंस्ट्रूमेंट उठाकर डा. मनीष के सिर पर मार दिया। वह खून से नहा उठे। उनके सिर से निकल रहे खून को देखकर वहां स्टाफ का खून खोल उठा। कुछ ही देर में वहां तमाम जूनियर डाक्टर जमा हो गए। तभी मौका मिलते ही आरोपी तीमारदार वहां से भाग खड़ा हुआ। गुस्साए डाक्टरों ने इमरजेंसी पर हंगामा शुरू कर दिया। जबरदस्त बबाल किया। महिला का शव भी कब्जे में ले लिया।
इमरजेंसी वार्ड ही नहीं पूरे मेडिकल में अराजकता की स्थिति नजर आ रही थी। मेडिकल प्रशासन हंगामा कर रहे जूनियर डाक्टरों के आगे असहाय नजर आ रहा था। वहीं, इस संबंध में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। चिकित्सक से मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

