Tuesday, March 17, 2026
- Advertisement -

थाने में ही उपलों की चिता बनाकर लेटे बुजुर्ग किसान

  • आत्मदाह के ऐलान की सूचना पर दौड़े अधिकारी एसओ भी भागकर थाने पहुंचे
  • किसानों का धरना छठे दिन भी रहा जारी, किसान बोले मांग पूरी होने तक नहीं हटेंगे

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: जिले की मोहिउद्दीनपुर गन्ना समिति में चुनाव गड़बड़ी को लेकर परतापुर थाने पर भारतीय किसान यूनियन का धरना छठे दिन बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान महिलाओं ने भजन गाए तो प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस बीच, एक बुजुर्ग किसान चिता बनाकर उस पर लेट गए और आत्मदाह का ऐलान कर दिया। इस घोषणा से थाने में हड़कंप मच गया और आपाधापी में एसओ मौके पर पहुंच गए और किसान की चिता से हटने के लिए खुशामद करते रहे।
किसान पिछले छह दिनों से परतापुर थाने में गन्ना समिति के चुनाव में गड़बड़ी को लेकर धरने पर बैठे हैं।

चार दिन पहले किसान नेता राकेश टिकैत भी धरने पर पहुंचे थे और सरकार की खिंचाई करते हुए आंदोलन तेज करने की बात कही थी। किसान इस बात पर अड़े हुए हैं कि जो गड़बड़ी समिति के नामांकन में की गयी है, उसे सही किया जाए और चुनाव निरस्त किये जाएं। ऐसा नहीं होने पर उनका आंदोलन जारी रहेगा। किसान मंगलवार को अपने भैंसा-बुग्गी और बैल-बुग्गी लेकर थाने पहुंच गए थे। थाने के अंदर उन्हें बुग्गी खड़ी कर दी, जिससे प्रशासन तनाव में आ गया था। बुग्गी हटवाने को लेकर किसानों के साथ पुलिस प्रशासन की नोकझोंक भी हो गई थी, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि किसी सूरत में बुग्गियां नहीं हटायी जाएंगी।

महिलाएं भी थाने पहुंच गर्इं और ढोल मजीरे बजाकर भजन शुरू कर दिये। इस बीच, एक बुजुर्ग किसान दलवीर ने थाना परिसर मे चिता लगाकर आत्मदाह करने का ऐलान कर दिया। दलवीर चिता पर लेट गए। इसके बाद थाने में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार दौड़े दौड़े आए और किसान को चिता से उठाने के लिए मिन्नतें करने लगे, लेकिन किसान ने कहा कि जब तक चुनाव निरस्त नहीं होंगे, वह चिता से नहीं उठेंगे। बात नहीं मानी तो आत्मदाह कर लेंगे। काफी मान मनोव्वल के बाद पुलिस उन्हें चिता से हटाने में कामयाब हो सकी।

मोहिउद्दीनपुर में गन्ना समिति का चुनाव आज, कड़ी सुरक्षा रहेगी

परतापुर: किसान इंटर कालेज में 143 डेलीगेट आज मतदान करेंगे। टकराव की आशंका को देखते हुए मतदान केंद्र छावनी में तब्दील किया जा रहा है और ड्रोन से निगरानी करायी जाएगी। सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड सोसाइटी के डेलीगेट नामांकन रद्द किए जाने को लेकर भाकियू पिछले दिनों से परतापुर थाने में धरनारत है। उधर, भाकियू के प्रवक्ता राकेश टिकैत भी कह गए थे कि नामांकन पर्चे ठीक नहीं किए गए तो कोई भी डेलीगेट डायरेक्टर पद के लिए मतदान करने जाएं ही नहीं। अपने आप सभी कुछ ठीक हो जाएगा।

आज किसान इंटर कालेज में डायरेक्टरों के लिए मतदान होना है। यही 10 डायरेक्टर, 1 चेयरमैन को चुनेंगे। माना जा रहा है कि मोहिउद्दीनपुर क्षेत्र के चार डेलीगेट चेयरमैन पद के दावेदार हैं। आज उनके समर्थकों में टकराव की आशंका बनने की आशंका है। बुधवार को इसी आशंका के चलते खुफिया विभाग की टीम किसान इंटर कालेज और गांवों में जाकर जानकारी जुटाती रही। इसके मद्देनजर आज मोहिउद्दीनपुर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। डेलीगेटस पद के लिए मतदान की चर्चा बुधवार को धरनास्थल पर रही। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी का कहना है कि किसान मतदान करने जाएंगे।

दौराला समिति में चुनाव आज, तैयारी पूरी

दौराला: दौराला व सकौती में सहकारी गन्ना विकास समिति के डेलीगेट पद को लेकर आज चुनाव होगा। मतदान व मतगणना को लेकर सभी तैयारी पूरी कर गई है। मतदान स्थल पर मत पेटियां व पोलिंग पार्टी पहुंच गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दौराला व सकौती सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव प्रदीप यादव ने बताया कि दौराला समिति का सरधना रोड स्थित सरश्री राम इंटर कॉलेज में चुनाव होगा। सुबह आठ बजे से लेकर चार बजे तक चुनाव होगा और इसके बाद मतगणना की जाएगी। बताया कि दौराला में 151 गांव के 216 प्रत्याशियों के बीच बैलेट पेपर से मतदान होगा, जबकि सकौती में हितकारी इंटर कॉलेज में 23 गांव की 43 सीटों के लिए मतदान होना है। उन्होंने बताया कि सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

UP: मुरादाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, चार युवकों की मौत

जनवाणी ब्यूरो । नई दिल्ली: भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी।...

सिलेंडर बिन जलाए रोटी बनाने की कला

मैं हफ्ते में एक दिन आफिस जाने वाला हर...

सुरक्षित उत्पाद उपभोक्ता का अधिकार

सुभाष बुडनवाला हर वर्ष 15 मार्च को विश्व भर में...

पुराना है नाम बदलने का चलन

अमिताभ स. पिछले दिनों, भारत के एक राज्य और कुछ...
spot_imgspot_img