- सोमवार को तीन बैंक मैनेजरों, दो पुलिसकर्मियों और ज्वैलर्स समेत 109 पॉजिटिव
- अब तक 4047 पॉजिटिव, मरने वालों की संख्या पहुंची 119
- 3137 लोग ठीक होकर घर गए, 791 लोग लड़ रहे जंग
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार दूसरे दिन सौ से अधिक संक्रमित सामने आए हैं। अगस्त माह में 2024 संक्रमित सामने आए जबकि 32 लोगों की मौत हो गई।
सोमवार को हुई 2855 लोगों की टेस्टिंग में 109 लोग पॉजिटिव निकल कर आये हैं। जबकि तीन लोगों की मौत कोरोना से हुई है। मरने वालों की संख्या बढ़कर 119 हो गई है। अब तक जनपद में 4047 लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि 3137 लोग पूरी तरह से ठीक होकर घर जा चुके हैं। इस वक्त 791 लोग कोरोना से जंग लड़ रहे हैं।
सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि सोमवार को हुई टेस्टिंग में कंकरखेड़ा निवासी स्टेट बैंक आफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर संक्रमित निकले हैं। जबकि गंगानगर के व्यापारी, टीचर और छात्र को कोरोना ने जकड़ लिया है।
बेगमबाग निवासी पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर, वेस्टर्न कचहरी रोड असोड़ा हाउस और इन्द्रा नगर तृतीय निवासी एडवोकेट पॉजिटिव निकले हैं। कोरोना ने प्रेमपुरी रेलवे रोड, श्रद्धापुरी कंकरखेड़ा, अब्दुल्लापुर, शिवशक्ति नगर गढ़ रोड, ऊर्जा भवन एमडी आफिस साकेत, जागृति विहार, जत्तीवाड़ा बुढानागेट, शताब्दी नगर निवासी सरकारी कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ गए हैं।
रुड़की रोड की पॉश कालोनी शील कुंज के दो सर्विस करने वाले और एक छात्र चपेट में आ गए है। पुलिस लाइन एक बार फिर कोरोना के हमले की शिकार हो गई।
इसमें दो पुलिसकर्मी और एक महिला शामिल है। गंगानगर में कोरोना का जबरदस्त हमला हुआ और ग्यारह लोग शिकार हो गए। इसमें छात्रों की संख्या ज्यादा है। इसी तरह रोहटा रोड स्थित पूठ गांव में फिर से कोरोना का प्रभाव दिखा और इस बार आठ लोग संक्रमित हो गए।
इसमें छात्र, वकील और गृहिणी ज्यादा है। सरधना के मौहल्ला छावनी में दो लोग संक्रमित मिले। न्यू पंजाबीपुरा की दो महिलायें, मोरीपाडा का एक छात्र और महिला, खैरनगर निवासी ज्वैलर और दो छात्रों के अलावा रुड़की रोड स्थित क्वींसलैंड कालोनी में रहने वाली दो महिलाओं को पॉजिटिव के कारण भर्ती कराया गया है।
तीन मौतें
सीएमओ ने बताया कि होराम नगर ब्रहमपुरी निवासी 41 वर्षीय लोकेश कुमार, कुलंजन निवासी 74 वर्षीय कासिम खान और कायस्थ बड्डा किठौर निवासी शाहजहां की कोरोना से मौत हो गई।
सरधना में महिला निकली कोरोना पॉजिटिव
सरधना क्षेत्र में कोरोना का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को आदर्शनगर मोहल्ले में एक महिला कोरोना से संक्रमित पाई गई।
जांच रिपोर्ट आने के बाद महिला को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया। साथ ही उसके परिवार को होम क्वारंटाइन कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 133 लोगों की जांच कराई गई।
सरधना क्षेत्र में कोरोना केस सौ का आंकड़ा पार कर चुके हैं। जबकि पांच लोगों की कोरोना के चलते मौत हो चुकी है। इसके बाद भी कोरोना लगातार बढ़ता जा रहा है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 133 लोगों की जांच कराई गई, जिनमें आदर्शनगर मोहल्ले की एक महिला कोरोना पॉजिटिव निकली। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया। साथ ही उसके परिवार को होम क्वारंटाइन किया है।
एक संदिग्ध केस का सैंपल लैब में जांच के लिए भेजा गया है। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. राजेश कुमार का कहना है कि 133 जांच में एक केस पॉजिटिव आया है। जिससे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती क्रा दिया है।
संक्रमित महिला का चिकित्सकों ने किया उपचार से इनकार
दौराला के सकौती में मिली एक कोरोना पॉजिटिव महिला ने सोमवार को उपचार के लिए अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। काफी देर बाद भी जब महिला नहीं मानी तो स्वास्थ्य विभाग की टीम को पुलिस का सहारा लेना पड़ा।
रविवार को सकौती निवासी एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई, जिस पर गांव में हड़कंप मच गया। सोमवार को महिला को लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस लेकर पहुंची।
आरोप है कि महिला ने उपचार के लिए अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। जिस पर टीम ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने कार्रवाई की चेतावनी दी, जिस पर महिला व उसके परिजन उसे अस्पताल भेजने के लिए मान गए।
मवाना में दो संक्रमित चिकित्सा टीम में हड़कंप
मवाना सीएचसी में सोमवार को कोरोना वायरस की जांच की गई। इस दौरान दो पॉजिटिव केस मिलने पर टीम में हड़कंप मचा रहा।
डा. सतीश भास्कर ने बताया कि सोमवार को केंद्र पर कैंप लगाकर कोरोना जांच की गई। जिसमें खेड़ी मनिहार निवासी व नगर के मोहल्ला खैरात अली निवासी दो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। जिन्हें मेडिकल भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा कस्बे में अलग-अलग स्थानों पर भी कैंप लगाकर कोरोना वायरस की जांच की जाएगी।
एमडीए के तीन अधिकारी संक्रमित, दो दिन बंद रहेगा एमडीए आफिस
मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) के तीन अधिकारियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी है। इस खबर से एमडीए के अधिकारी व कर्मचारी सहम से गए हैं। अलग दो दिन तक एमडीए आफिस बंद रहेगा तथा यहां सेनेटाइज किया जाएगा। इसके अलावा एमडीए कर्मियों की कोरोना की जांच कराई जा रही है।
कोरोना का कहर अभी थम नहीं रहा है। एमडीए के डिप्टी कलेक्टर मनोज सिंह, वित्त अधिकारी संजय शर्मा व जेई संजय वशिष्ठ की कोरोना की जांच कराई गयी थी। इन सभी की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। इनमें से मनोज सिंह की ड्यूटी कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम में भी लगी है, जहां पर प्रतिदिन मनोज सिंह जाते थे।
वहां ड्यूटी पर अन्य अधिकारियों की भी तैनाती होती है। ऐसे में कंट्रोल रूम में तैनात अन्य अधिकारी भी कोरोना पॉजिटिव हो सकते हैं। कंट्रोल रूम भी फिलहाल दो दिन के लिए बंद रहेगा। एमडीए आफिस भी दो दिन के लिए बंद रहेगा।


अब तो राम ही जान बचाये।