जनवाणी संवाददाता
सहारनपुर: डीआईजी सहारनपुर रेंज अजय कुमार साहनी ने 30वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेरठ जोन की फ्रीस्टाइल कुश्ती (पुरुष वर्ग) की उपविजेता टीम को सम्मानित किया। ये प्रतियोगिताएं 23 अप्रैल से 26 अप्रैल, 2025 तक छठी बटालियन, मेरठ में आयोजित की गई थीं। डीआईजी साहनी ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा: “खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और समर्पण न केवल पुलिस बल की खेल भावना को प्रदर्शित करता है, बल्कि युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा भी है।” प्रतियोगिता में मेरठ जोन की टीम ने फ्रीस्टाइल कुश्ती (पुरुष वर्ग) में दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस आयोजन में उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न जोन की टीमों ने कुश्ती, बाहु कुश्ती, बॉडी बिल्डिंग और मुक्केबाजी जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। ये प्रतियोगिताएं पुलिस कर्मियों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और खेल कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जाती हैं। मेरठ जोन की इस सफलता ने क्षेत्र में खेल के प्रति जुनून और भावना को और मजबूत किया है। डीआईजी साहनी ने खिलाड़ियों को और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा भविष्य में राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश का नाम रोशन करने को कहा।

