नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर अपने विचार और भावनाएं साझा करने के लिए जाने जाते हैं। अब उन्होंने भारत के दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर देशवासियों को बधाई दी है। बिग बी ने अपने संदेश में न केवल भारत की आर्थिक तरक्की की सराहना की, बल्कि देश की रक्षा में दिन-रात तत्पर रहने वाले अग्निवीरों और भारतीय सेना को भी सलाम किया।
ढाई से तीन साल में भारत के तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की जताई उम्मीद
बिग बी ने सोमवार की सुबह-सुबह ही अपने एक्स पर कुछ नए पोस्ट किए। इनमें से एक पोस्ट में उन्होंने भारत के दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर खुशी जताते हुए एक पोस्ट किया। अपनी इस पोस्ट की शुरूआत बिग बी ने जय हिंद और तिरंगे वाले इमोजी के साथ की। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।
संयुक्त राज्य अमेरिका, चीन, जर्मनी और अब भारत। आगामी 2.5 से 3 साल में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।” आगे सभी देशों की जीडीपी का जिक्र करते हुए महानायक ने लिखा कि संयुक्त राज्य अमेरिका-30.51 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी के साथ। चीन-19.23 ट्रिलियन डॉलर के सकल घरेलू उत्पाद के साथ। जर्मनी-4.74 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपीके साथ और भारत लगभग 4 ट्रिलियन डॉलर जीडीपी के साथ।
भारतीय सेना और अग्निवीरों को किया सैल्यूट
अपनी अगली पोस्ट में बिग बी ने भारतीय सेना और अग्निवीरों को सैल्यूट किया। अपनी पोस्ट में उन्होंने भारतीय सैनिकों की कोलाज बनी हुई दो तस्वीरें साझा कीं, जिनमें एक तस्वीर पर अग्निवीर लिखा हुआ है। इस तस्वीर के साथ बिग बी ने कैप्शन में लिखा, “अग्निवीर जिंदाबाद। जय भारत माता की। जय हिंद।” साथ में उन्होंने तिरंगे वाला इमोजी भी बनाया।
हरिवंश राय बच्चन की कुछ पंक्तियां की साझा
इसके अलावा एक पोस्ट में बिग बी ने अपने पिता और देश के दिग्गज कवि हरिवंश राय बच्चन की कुछ पंक्तियां साझा कीं। सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले अमिताभ बच्चन उस समय लोगों के निशाने पर आ गए थे जब पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर उन्होंने काफी दिन तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। बाद में पहलगाम हमले के तकरीबन 20 दिन बाद बिग बी ने इस पूरे मामले पर एक ट्वीट किया था।

