उत्तराखंड के सीएम पहुंचे घटनास्थल पर, दिए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश, पीएम मोदी ने जताया घटना पर शोक
जनवाणी संवाददाता |
हरिद्वार: मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हुआ है। भगदड़ में आठ लोगों की मौत हो गई। कई लोगों के बुरी तरह से घायल हो गए। मौके पर बुद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें घायलों को तुरंत अस्पतालों में पहुंचाया। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है।
वहीं, करीब दो बजे सीएम पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे और अस्पताल में घायलों का हाल जाना। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पौने नौ बजे के आसपास मनसा मंदिर की चढाई कर रहे श्रद्धालुओं के बीच किसी ने करंट फैलने की अफवाह फैला दी, जिससे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी में लोग एक-दूसरे पर गिर गए। चीख-पुकार के बीच कई श्रद्धालु दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई, लेकिन हादसे के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि मनसा देवी मंदिर में भारी भीड़ जमा होने के बाद मची भगदड़ मच गई। भगदड़ में आठ लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल भी हुए हैं।
एम्स पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि एम्स में कुल 15 घायल लाए गए थे, जिसमें से पांच को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। 10 अभी यहां भर्ती हैं। इनमें दो साल की एक बच्ची, 26 वर्षीय युवती व 56 वर्षीय महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हादसे में घायल हुए कुल 35 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल में लाया गया है, जिसमें भगदड़ में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि अन्य लोग घायल हैं। जिनमें से गंभीर अवस्था वाले मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया
मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जत्ताया है। उन्होंने लिखा कि उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।
योगी ने की मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में श्रद्धालुओं के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। बता दें कि दुर्घटना में यूपी के चार लोगों की मृत्यु हुई है, जिसमें बरेली निवासी आरुष, रामपुर निवासी विक्की, बाराबंकी निवासी वकील और बदायूं निवासी शांति
देवी शामिल हैं।
सुरक्षा पर फिर उठे सवाल, कैसे हुआ हादसा
हरिद्वार में शिवालिक पहाड़ियों पर 500 फुट से अधिक ऊंचाई पर स्थित सिद्ध पीठ मां मनसा देवी मंदिर के रास्ते पर रविवार को मची भगदड़ ने प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि एक तो सावन का महीना और उस पर रविवार का दिन होने के कारण श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में आने की संभावना के बावजूद मंदिर मार्ग पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के कोई इंतजाम नहीं थे जिसका परिणाम हादसे के रूप में सामने आया। इसी बीच भीड़ में बिजली का करंट आने की अफवाह फैली तो वहां भगदड़ मच गई और लोग एक दूसरे पर गिरते चले गए। रास्ता संकरा होने की वजह से लोगों को बचने की कोई जगह नहीं मिली।
सीएम धामी ने जताया दुख
हादसे पर सीएम धामी ने जताया दुख हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार को हुई भगदड़ की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि दर्जनों अन्य घायल हुए हैं। हादसे को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायल श्रद्धालुओं के इलाज में कोई कोताही न बरती जाए और सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
सीएम ने घायलों का हालचाल जाना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार जिला चिकित्सालय और एम्स ऋऋषिकेश में पहुंचकर में मनसा देवी पैदल मार्ग पर हुई भगदड़ में घायल हुए लोगों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री से इस दौरान मनसा देवी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने वार्ता की। मनसा देवी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि इस दुखद घटना में मृतकों के परिजनों के दो-दो लाख तथा घायलों को पचास-पचास हजार मनसा देवी ट्रस्ट द्वारा प्रदान किए जाएँगे। मृतक के परिजनों और घायलों को उनके घर तक ले जाने के लिए ट्रस्ट द्वारा वाहन की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में शोकसंतप्त परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। जिलाधिकारी हरिद्वार को घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं और जिलाधिकारी हरिद्वार को त्वरित कार्रवाई के
मनसा देवी की घटना दुर्भाग्यपूर्णः महाराज
कैबिनेट मंत्री और हरिद्वार के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को जनपद हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों वाले मार्ग पर भगदड़ मचने से दुर्घटना में मृत सभी 08 लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके उचित इलाज के लिए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।

