जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना कुतुबशेर पुलिस की दो टॉप-10 बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक, असलहे और बाइक बरामद की है।एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि थाना प्रभारी कुतुबशेर अपनी टीम के साथ मानकमऊ से थरोली जाने वाले रास्ते पर नहर पटरी के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय जान से मारने की नियत से पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया तो हड़बड़ाहट में उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बावजूद उन्होंने गोलीबारी जारी रखी। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ पुत्र हनीफ उर्फ चीका और साजिद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आसिफ के पास से 256 ग्राम स्मैक, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए। वहीं साजिद से 246 ग्राम स्मैक, एक तमंचा, तीन कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक मिली।पुलिस ने इस मुठभेड़ में कुल मिलाकर 502 ग्राम स्मैक, दो तमंचे, छह कारतूस और एक बाइक बरामद की है।पुलिस जांच में सामने आया कि आसिफ के खिलाफ पहले से 36 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि साजिद पर 24 से अधिक मुकदमे चल रहे हैं। दोनों कुख्यात अपराधियों को हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है और यह पुलिस की टॉप-10 सूची में शामिल थे। दोनों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से जिले में नशे और अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

