जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जनपद में प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच खेल भावना और आपसी समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से 17 फरवरी 2026 को पुलिस लाइंस स्थित नवनिर्मित इंडोर बैडमिंटन हॉल में राजपत्रित अधिकारियों की डबल्स बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, कार्यदबाव से राहत देना और विभागों के बीच बेहतर तालमेल विकसित करना रहा। मैचों के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे आयोजन पूरे समय उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
डबल्स मुकाबलों में मंडलायुक्त सहारनपुर रूपेश कुमार और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। फाइनल मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने संतुलित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना बटोरी। वहीं सहायक कमिश्नर जीएसटी राकेश और डिप्टी कमिश्नर जीएसटी राजीव की जोड़ी उपविजेता रही, जिन्होंने भी पूरे टूर्नामेंट में मजबूत खेल दिखाया।
प्रतियोगिता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मनोज यादव की मौजूदगी रही। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।

