जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: रविवार तड़के जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय सेना के जवानों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार कर भारतीय सीमा में घुसे एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराने के लिए फायरिंग की। हालांकि, ड्रोन कुछ देर तक दिगवार इलाके में मंडराने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) की ओर लौट गया।
सूत्रों के अनुसार, यह तीसरी बार है जब पिछले तीन दिनों में सीमा पार से ड्रोन की गतिविधि का पता चलने पर सेना ने फायरिंग की। सैनिकों ने सुबह करीब 6:10 बजे ड्रोन को देखा और उसे गिराने के लिए एक दर्जन से अधिक गोलियां चलाईं, लेकिन ड्रोन गोलियों से बचने में सफल रहा और तुरंत पाकिस्तान की ओर लौट गया।
इस घटना के बाद, सेना ने यह सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है कि ड्रोन से किसी भी प्रकार के हथियार या नशीले पदार्थों की एयरड्रॉपिंग नहीं की गई हो। बता दें कि इससे पहले 27 फरवरी को भी इसी इलाके में सेना ने एक पाकिस्तानी ड्रोन पर गोलीबारी की थी।

