जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में पहचान बना चुके युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय टीम की जर्सी मिलने के पल को अपने जीवन का सबसे खास क्षण बताया है। महज 15 साल की उम्र में भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाने वाले वैभव ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार टीम इंडिया की जर्सी देखी, तो उन्हें अपने क्रिकेट सफर की शुरुआत और उससे जुड़े सपने याद आ गए।
बीसीसीआई ने साझा किया भावुक वीडियो
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में वैभव सूर्यवंशी अपनी भावनाएं व्यक्त करते नजर आए। उन्होंने कहा, “इस एहसास को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मैंने जिस सपने के साथ पहली बार बल्ला उठाया और रोज मैदान पर अभ्यास करने गया, वह सपना अब पूरा हो गया है। मेरे क्रिकेट सफर का यह सबसे बड़ा पड़ाव है।”
वैभव ने आगे कहा कि भारतीय टीम की जर्सी हाथ में लेते ही उन्हें ऐसा लगा जैसे कोई सपना सच हो गया हो। उन्होंने बताया कि उस समय उनके चेहरे से मुस्कान हट ही नहीं रही थी और भावनाओं को व्यक्त करने के लिए उनके पास शब्द नहीं थे।
बीसीसीआई ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, “जिस पल का पूरा देश इंतजार कर रहा था, वह आ गया है। वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया की जर्सी में।”
Ladies & Gentlemen
The moment the nation has been waiting for has arrived!
Vaibhav Sooryavanshi in #TeamIndia jersey. Witness this incredibly special moment ❤️ pic.twitter.com/sUUytFMPVw
— BCCI (@BCCI) June 23, 2026
सबसे कम उम्र में टीम इंडिया में चयन
वैभव सूर्यवंशी का चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज तथा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय सीनियर टीम में किया गया है। 15 साल और 71 दिन की उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
वैभव ने टीम इंडिया में चयन के मामले में सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सचिन का चयन 1989 में 16 साल और 205 दिन की उम्र में भारतीय टीम के लिए हुआ था। यदि वैभव को आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारत की सीनियर पुरुष टीम के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन जाएंगे।
आईपीएल 2026 में मचाया था धमाल
वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल किए जाने के पीछे आईपीएल 2026 में उनका शानदार प्रदर्शन सबसे बड़ी वजह रहा। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने पूरे सीजन में बल्ले से जमकर रन बरसाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की।
वैभव ने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतर प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और उन्हें राष्ट्रीय टीम का टिकट दिलाया।
आयरलैंड दौरे से मिल सकता है डेब्यू का मौका
भारतीय टीम आयरलैंड दौरे पर 26 और 28 जून को बेलफास्ट में दो टी20 मुकाबले खेलेगी। इसके बाद टीम एक से 11 जुलाई तक इंग्लैंड में पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। वहीं एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी।
क्रिकेट प्रशंसकों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू का मौका मिलता है और क्या वह भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर पाते हैं।

