- प्रदेश कार्य समिति ने सक्रिय कर्मचारियों को संगठन में शामिल करने समेत विभिन्न निर्णय लिए
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ की प्रदेश कार्यसमिति की लखनऊ में गांधी विद्यालय इंटर कालेजआलमबाग में सम्पन्न हुई बैठक में निष्ठावान व सक्रिय कर्मचारियों को संगठन में शामिल करने समेत विभिन्न निर्णय लिये गये।
संगठन की प्रदेश संघर्ष समिति के संयोजक के रूप में भाग लेकर लौटे मुकेश सिन्हा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अजय शर्मा की अध्यक्षता व प्रदेश महामंत्री संजय पुंडीर के संचालन में हुई बैठक में शासन में लम्बित 300 दिन के अवकाश नकदीकरण, शिक्षक पद पर पदोन्नति, प्रबंध समिति में भागेदारी, पदोन्नति में सीसीसी कम्प्यूटर डिग्री की बाध्यता समाप्त करने, चिकित्सा सुविधा की मांग को शासन में प्रमुखता से पैरवी करने, संगठन को जनपद व इकाई स्तर पर मजबूत करने सहित तमाम मांगे रखी गयी है।
क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के माध्यम से संगठन का मांगपत्र शासन व शिक्षा निदेशालय को भिजवाने, जनपद के सभी विद्यालयों में भ्रमण कर शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से सम्पर्क कर उनकी समस्या जानने व उचित समाधान कराने, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय व शिक्षा निदेशालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने, आगामी चुनावों में कर्मचारी विरोधी भाजपा का विरोध करने, प्रति एक मंडल में संगठन के मंडलीय सम्मेलन कराने, निष्क्रिय शिक्षणेत्तर कर्मचारियों में जोश पैदा करने, निष्ठावान व सक्रिय कर्मचारियों को संगठन में शामिल करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में विश्राम सिंह यादव, अनूप द्विवेदी, बजरंग बहादुर, कामता प्रसाद, भूपेंद्र चौधरी, उमेश गुप्ता, राकेश पाण्डेय, राम जीवन, सुभाष चन्द्र, गौरव, मुकेश सिन्हा, प्रदीप अग्रवाल, अनूप सिंह, नीरज पांडेय, बच्चूलाल तिवारी आदि ने विचार व्यक्त किए। बैठक के अंत में संगठन के संरक्षक अवधेश अग्निहोत्री के निधन पर दुख व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक के बाद सभी को संगठन की डायरी व कलेंडर व डायरी वितरित की गई।

