- सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान करने वाले व्यापारी नहीं करा रहे तोल उपकरणों को सत्यापित
जनवाणी ब्यूरो |
धामपुर: विधिक माप विज्ञान बाट माप विभाग धामपुर/चांदपुर के वरिष्ठ निरीक्षक संजय कुमार सरोज ने उप जिलाधिकारी धामपुर को पत्र लिखकर तहसील क्षेत्र के करीब एक दर्जन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि उक्त सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने पिछले कई वर्षों से अपने तोल उपकरणों को सत्यापित नहीं कराया है। बिना सत्यापित उपकरणों से ही राशन उपभोक्ताओं को राशन वितरण कर रहे हैं। जो कि अवैधानिक है। जिन राशन विक्रेताओं पर पिछले कई वर्षों से आपूर्ति विभाग की कृपा चल रही है।
उक्त सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओ में करीब एक दर्जन ऐसे हैं, जिन्होंने गत 10 वर्षों से अपने उपकरणों को सत्यापित नहीं कराया है। बांट- माप विभाग चांदपुर-धामपुर के वरिष्ठ निरीक्षक सरोज ने बताया कि आपूर्ति विभाग की इन डीलरो पर विशेष कृपा बनी हुई है।
जिस कारण ये राशन विक्रेता अपने तोल उपकरणों को सत्यापित नहीं करा रहे हैं। जबकि राशन उपभोक्ताओं का आरोप है कि राशन विक्रेता उपभोक्ताओं को राशन कम दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ बांट-माप विभाग द्वारा इन दिनों सघन अभियान चलाया जा रहा है।
उप जिलाधिकारी धामपुर ने बताया कि जिन राशन डीलरों ने अपने तोल उपकरणों को बाट- माप विभाग से सत्यापित नहीं कराया है, वह शीघ्र ही सत्यापित करा लें अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

