जनवाणी संवाददाता |
बागपत: रालोद कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को किसानों की दस सूत्रीय मांगों को लेकर कार्यालय से तहसील तक जुलूस निकाला और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने किसानों का बकाया गन्ना भुगतान करने, केन्द्र सरकार द्वारा पारित तीनों अध्यादेश वापस लेने, पेट्रोल डीजल के दाम कम करने, सिसाना गांव में महिलाओं पर किए गए अत्याचार की जांच कराकर कार्रवाई करने सहित आदि मांगों का ज्ञापन एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम सौंपकर पूरा करने की मांग की। साथ ही ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
नगर के रालोद कार्यालय पर जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्र हुए। उसके बाद वह जुूलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए तहसील में पहुंचे और वहां नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि किसानों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार मंडियों को खत्म करना चाहती है और यदि मंडी के द्वारा किसानों की फसल की खरीद बिक्री नहीं हुई तो एसएमपी रेट सरकार लागू नहीं कर पायेगी, जिससे किसानों को सरकार द्वारा न्यूनतम निर्धारित मूल्य भी नहीं मिल पायेगा।
व्यापारी मनमर्जी तरीके से किसानों के साथ लूट करेंगे। उन्होंने आवश्यक वस्तु अधिनियम, मंडी एक्ट व मंडियों का अध्यादेश वापस लेने, बढ़ी हुई पावर वृद्धि व दर वृद्धि वापस लेने, कोरोना के समय के बिल माफ करने, गन्ना मिलों पर बकाया 650 करोड़ रुपये का भुगतान करने, 450 रुपये गन्ना मूल्य घोषित करने, पेट्रोल, डीजल के दाम कम करने, जनपद में बढ़ते अपराधों को रोकने, अमीननगर सराय से बिनौली मार्ग, रमाला से छपरौली मार्ग, बड़ौत से पूर्वी यमुना नहर की पटरी पर सादुल्लापुर तक, टटीरी से गाधी, बिचपडी से गाधी मार्ग की मरम्मत कराने, नहर यमुना पूर्वी सहित राजवाहों, माइनरों की सफाई कराकर पानी छोड़ने की मांग की।
वहीं उन्होंने सिसाना गांव में महिलाओं पर पुलिस द्वारा किए गए अत्याचार की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की। इन सभी मांगों का ज्ञापन एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम सौंपा। मांगे पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुखबीर गठीना, सलीम चौधरी, सुरेश मलिक, नरेश त्यागी, ओमबीर ढाका, संजीव मान, धीर सिंह तोमर, जाहिद खान, यशवंत, धीरज उज्जवल,राममेहर सिंह, धर्म सिंह, राजेन्द्र सिंह, अश्वनी शर्मा, पवन कुमार, नौशाद, जयवीर तोमर, अमित कुमार, सतेन्द्र प्रमुख, अजीत सोलंकी आदि मौजूद रहे।

