- बाइक बोट के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने में मामले में ईओडब्ल्यू ने की कार्रवाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बाइक बोट घोटाले में शामिल दो आरोपियों के कई माह से फरार चलने पर ईओडब्ल्यू की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर का सामान जब्त कर लिया। जबकि दूसरे आरोपी के घर पर ईओडब्ल्यू की टीम ने मकान की कुर्की करने के लिए नोटिस चस्पा किया। हालांकि उक्त मकान पर जब ईओडब्ल्यू की टीम आरोपी के घर पहुंची तो वहां किराये पर रहने वाली एक महिला मिली।
अपर पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू डा. राम सुरेश यादव ने बताया कि जिला बुलंदशहर के थाना जहांगीर पुर क्षेत्र के गांव कलाखुरी निवासी लोकेंद्र सिंह व वाहलिमपुर निवासी भूदेव निवासी अमर सिंह गर्वित इनोवेटी प्रमोटर्स लि. में एडिशनल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे।
लोकेंद्र व भूदेव ने लोगों को मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर कंपनी में करोड़ों रुपया लगवा लिया। इसके बाद सारा रुपया लेकर फरार हो गए। ठगी के शिकार लोगों ने लोकेंद्र व भूदेव के खिलाफ केस दर्ज कराया। जिसके बाद मामले की जांच ईओडब्ल्यू को सौंपी गई।
ओरोपी लोकेंद्र व भूदेव के कई माह से फरार चलने के दौरान पुलिस विभाग ने उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। इसके बावजूद आरोपियों का सुराग नहीं लगा। ईओडब्ल्यू की टीम ने मंगलवार को लोकेंद्र के घर की कुर्की करते हुए सारा सामान जब्त कर लिया और भूदेव के मकान पर कुर्की करने के लिए नोटिस चस्पा किया। हलांकि इस दौरान भूदेव के मकान में एक महिला किराये पर रहती हुई मिली है।

