जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: गजरौला मार्ग स्थित ग्राम दरवाड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
मंगलवार की रात गजरौला मार्ग स्थित जिले की सीमा के आखिरी गांव रामपुर नजराना निवासी अनुज पुत्र प्रवेंद्र व भूपेंदर पुत्र ज्ञान सिंह स्कूटी पर सवार होकर कस्बे से वापस अपने गांव रामपुर नजराना जा रहे थे।
जब उनकी स्कूटी कस्बे से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित ग्राम दरवाड़ा में बने मंदिर के सामने पहुंची तभी अज्ञात वाहन की स्कूटी से जोरदार भिड़ंत हो गई । दोनों वाहनों की टक्कर में स्कूटी सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए ।वही उनकी स्कूटी भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी स्याऊ भिजवाया। चिकित्सक ने घायलों की हालत चिंताजनक देखते हुए बिजनौर रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे परिजन घायलों को इलाज के लिए बिजनौर ले जा रहे थे कि रास्ते में ही अनुज की मौत हो गई।गंभीर रुप से घायल भूपेंद्र सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कर शव को अन्तः परीक्षण के लिये बिजनौर भेज दिया।

