- शराब पीने को लेकर हुए विवाद में पत्नी की कर दी थी हत्या
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: आपसी कहासुनी के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले हत्यारोपी शराबी पति को पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी पति वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें बना कर कई स्थानों पर दबिश दी और साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस करने की कवायद में पुलिस टीमें लगी थी। जिसमें पुलिस ने सफलता प्राप्त कर ली।
17 मार्च की रात्रि को जलालाबाद क्षेत्र के गांव इब्राहीमपुर उर्फ नंगला निवासी विजय सिंह का शराब को लेकर अपनी पत्नी गुड्डो से झगड़ा हो गया था। जिसके बाद गुस्साए विजय सिंह ने घर पर रखी कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ वार करते हुए उसे मौत के घाट उतार कर फरार हो गया था।
हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी विजय सिंह स्थानीय जलालाबाद बाईपास स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ा है और कहीं जाने की तैयारी में है। जिस पर पुलिस टीम में थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह, एसआई राजीव शर्मा, आशीष कुमार, आशीष तोमर, जितेश कुमार आदि ने तत्काल छापा मारी कर विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी का चालान कर दिया गया है।

