- सांसद प्रदीप चौधरी की अध्यक्षता में ‘दिशा’ की बैठक आयोजित
जनवाणी संवाददाता |
शामली: कैराना लोकसभा सांसद प्रदीप चौधरी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें सांसद ने समस्त विभागों के भौतिक एवं वित्तीय कार्यों की समीक्षा करते हुए उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
शनिवार को विकास भवन में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक कों संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को आपस में एक बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी पात्रों को शत प्रतिशत रुप से लाभ दिया जाए।
सांसद ने समस्त विभागों की विभागवार उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करते हुए शामली सहारनपुर नेशनल हाईवे, निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्य को गति देते हुए समय से पूरा करें। कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए ताकि वह अपनी बारी आने पर भयमुक्त होकर वैक्सीन जरूर लगवाएं।
उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिस अच्छे माहौल के साथ जिले का कार्य चल रहा है। वह कार्य उसी तरह से चलता रहे और एक सकारात्मक सोच के साथ विकास कार्यों को गति प्रदान करें। जिससे जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे।
बैठक में जिलाधिकारी जसजीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी शंभू नाथ तिवारी, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, सीएमओ डा. संजय अग्रवाल सहित समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

