जनवाणी ब्यूरो |
नगीना: थाना क्षेत्र के ग्राम ज्ञानपुर में सांप के काटने से आठ वर्षीय बालिका की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
रात में सोते समय सांप ने काटा
जानकारी के अनुसार, ग्राम ज्ञानपुर निवासी बंटी कुमार की आठ वर्षीय पुत्री टिन्नू मंगलवार रात रोज की तरह अपने बिस्तर पर सो रही थी। बताया जाता है कि रात के दौरान किसी समय एक सांप बिस्तर पर चढ़ आया और उसने बालिका की नाक पर काट लिया। परिजनों के अनुसार, सांप काफी देर तक बिस्तर पर ही मौजूद रहा।
सुबह सांप देखकर घबरा गए परिजन
बुधवार सुबह जब बालिका की मां की नजर बिस्तर पर रेंग रहे सांप पर पड़ी तो वह घबरा गईं। बालिका के चेहरे पर सांप के काटने के निशान दिखाई दिए। इसी दौरान बालिका ने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए क्षेत्र के एक निजी अस्पताल ले गए।
सीएचसी में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
निजी अस्पताल में हालत गंभीर होने पर परिजन बालिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में शोक की लहर
मासूम बालिका की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

