- शराब के नशे में धुत चार युवकों ने दिया घटना को अंजाम
जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर बेला में शराब के नशे में धुत चार ग्रामीणों ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए बिजनौर भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज करली है।
थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर बेला निवासी सौरभ उर्फ भीम 30 वर्ष शुक्रवार की रात्रि लगभग दस बजे घर के बाहर टहल रहा था।आरोप है कि तभी शराब के नशे में धुत होकर गांव के ही रहने वाले सुधीर, नरेश, करुण व खिलेंद्र उधर की ओर आ गए।
शराब के नशे में होने से सुधीर की सौरभ के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला गाली गलौज व मारपीट में बदल गया। आरोप है कि चारों युवक दौड़ कर अपने घरों से लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर आ गए और उन्होंने सौरभ को दबोच लिया।
आरोपियों ने पहले तो सौरभ की लाठी-डंडों से जैम कर पिटाई की । तभी एक युवक ने चाकू निकालकर सौरभ पर हमला कर दिया। चाकू लगने से गंभीर रुप से घायल सौरभ लहूलुहान हालात में जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
फटना को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर वहां से भाग लिये। घटना का पता लगते ही सौरभ के परिजन मौके पर पहुंच गये । कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सौरभ को इलाज के लिए सीएससी स्याऊ भिजवाया।
चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए बिजनौर भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही रहने वाले सुधीर कुमार करुण व नरेश सहित चार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी बनाए गए एक युवक को हिरासत में भी ले लिया है। प्रभारी पंकज तोमर ने घटना के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर ले जाने की बात कही है।

