जनवाणी फीचर डेस्क |
होली में रंग-गुलाल का जो महत्व होता है, वही गानों का भी है। इसके बिना हमारी होली पूरी नहीं हो सकती है। बॉलीवुड में होली पर कई शानदार गाने बने हैं। इन होली के गानों की अलग ही पहचान है। फिर वह फिल्म ‘सिलसिला’ का ‘रंग बरसे’ हो या फिर ‘ये जवानी है दीवानी’ का ‘बलम पिचकारी’, इन सभी गानों ने लोगों को खूब नचाया है।
फिल्म ‘सिलसिला’ का गाना ‘रंग बरसे’ तो होली का एंथम की तरह है। जब तक होली पर यह गाना नहीं बजता, होली अधूरी लगती है। यह गाना अमिताभ बच्चन, रेखा, जया बच्चन और संजीव कुमार पर फिल्माया गया था।
आजकल के नौजवान होली के मौके पर रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण पर फिल्माए गए गाने ‘बलम पिचकारी’ को बजाना भी बहुत पसंद करते हैं। फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ का यह गाना रिलीज होते ही लोगों की जुबान पर चढ़ गया था। होली के मौके पर तो यह गाना बजता ही है।
अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा पर फिल्माया गया गाना ‘लेट्स प्ले होली’ भी लोगों के सर चढ़ कर बोलता है। यह गाना फिल्म ‘वक्त-द रेस अगेंस्ट टाइम’ का है।
दिलचस्प बात यह है कि इन गानों की तरह इनमें नजर आने वाली जोड़ियां भी अपने किस्सों के लिए खूब मशहूर हैं। ये जोड़ियां अपने प्रेम-प्रसंगों के चलते खूब सुर्खियों में रही हैं।

