- किसान चौपाल में प्रसन्न चौधरी ने दिया समाधन का भरोसा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: किसान चौपाल में भाजपा नेता प्रसन्न चौधरी के समक्ष क्षेत्र के किसानों ने खेती से संबंधित अपनी समस्याएं गिनाई। किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार से उनकी खेती से संबंधित समस्याओं का समाधान शीघ्र कराए जाने की मांग की। इस दौरान किसानों ने बिजली के दामों में वृद्धि, महंगाई, भ्रष्टाचार, गन्ना भुगतान सहित कई मुददों को प्रमुखता से उठाया।
सोमवार को कलक्ट्रेट के समीप भाजपा नेता प्रसन्न चौधरी के कार्यालय पर किसान चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान चौपाल में आए क्षेत्र के किसानों को संबोधित करते हुए प्रसन्न चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में सड़कों का विकास हुआ। साथ ही, गुंडाराज पर अंकुश लगा है। आज किसान तीन कृषि बिल को लेकर परेशान हाल है। वह दिल्ली बॉर्डर पर कृषि बिल वापस किए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है।
भले ही वर्ष 2013 में हिंदु मुस्लिम के दंगों के कारण ही लोगों ने भाजपा को वोट दिया था, लेकिन आज वे विकास और किसानों की समस्याओं पर बात करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों से बात करते है तो वह फसलों के नुकसान, बढते पेट्रोल और डीजल के दामों, बढी हुई विद्युत दरों, बकाया गन्ना भुगतान सहित कई मुददों पर बात करते है। जिनकी समस्या का सरकार को समाधान करना चाहिए।
इस दौरान चौपाल में मौजूद कुछ किसानों ने जहां भाजपा की प्रशंसा की वहीं अन्य किसानों ने भाजपा से खुद को परेशान बताया है। उन्होंने क्षेत्र के विधायक व सांसद पर भी उपेक्षा के आरोप लगाए।
इस अवसर पर यशपाल सिंह, नरेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

