- मंदिरों में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ श्रद्धालुओं का प्रवेश, घरों में भी मां अंबे की ज्योति की प्रज्ज्वलित
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन मां भगवती के दूसरे स्वरुप मां ब्रह्मचारिणी का पूजन किया गया। इस अवसर पर शहर भर के मंदिरों में सवेरे सबसे पहले पहले मां का शृंगार किया गया। इसके बाद ज्योति प्रज्जवलित कर प्रार्थना की गई। वहीं सभी मंदिरों में गाइडलाइन का पालन करते हुए भक्तों को प्रवेश दिया गया। इस दौरान भक्तों से सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मास्क लगाकर दर्शन का आह्वान किया गया।
शास्त्रीनगर स्थित गोल मंदिर, जागृति विहार स्थित मां मंशा देवी मंदिर, सदर काली माता मंदिर, बच्चा पार्क कंठी माता मंदिर आदि में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। शासन की गाइड लाइन के अनुसार एक समय में पांच लोगों को ही माता रानी के दर्शन हो सके। वहीं, कैंट स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर में सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था बनाए रखने के लिए गोले बनाए गए हैं।

मंदिर समिति के महामंत्री सतीश सिंघल ने बताया कि संक्रमण के चलते भजन संध्याओं का आयोजन नहीं किया जा रहा है। माता रानी का दरबार नवरात्र के उपलक्ष्य में सजाया गया है। वहीं मंदिरों में आने वाले सभी भक्तों को दर्शन हो रहे हैं।
जागृति विहार स्थित मां मंशा देवी मंदिर में भी सुबह के समय पहले माता रानी का श्रृंगार हुआ जिसके बाद भक्तों के लिए दर्शन शुरू किए गए। वहीं घरों में भी श्रद्धालुओं ने मां अंबे की चौकी सजाकर ज्योति प्रज्जवलित की और लौंग-कपूर के साथ माता रानी का पूजन किया। साथ ही सभी ने मां से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की और संक्रमण काल में सभी के स्वास्थ्य की प्रार्थना भी की गई।

