- महीनों से बन रही थी नकली शराब, पुलिस ने घंटो मामला छिपाया
- एसपी देहात के हस्तक्षेप पर पुलिस ने लिखा मुकादमा
- उम्मीदवार के पति सहित कई पर मुकदमा
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: क्षेत्र के गांव बातनौर में वोटर और प्रत्याशियों को सप्लाई करने के लिए काफी दिनों से चलाई जा रही नकली शराब की फैक्ट्री पुलिस ने छापा मारकर पकड़ ली। भारी मात्रा में रेक्टिफाइड तथा शराब पुलिस ने बरामद कर मुकदमा लिखने में हीलाहवाली के बीच एसपी देहात के हस्तक्षेप के बाद प्रधान पद की प्रत्याशी के पति सहित सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुट गई।
जानकारी के अनुसार आरोप है कि गांव में प्रधान पद की उम्मीदवार के पति अजय सैनी द्वारा पिछले दिनों से नकली शराब का कारोबार शुरू की गई। वह कई ब्रांड की नकली शराब बनाकर प्रत्याशियों व वोटरों को सप्लाई कर रहा था।
एसओ फलावदा ने बुधवार को दोपहर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली शराब पकड़ ली। मौके से हजारों लीटर शराब, कई ब्रांड के खाली पव्वे, रेक्टिफाइड, हेलोग्राम, रंग, बारकोड के अलावा कई पेटी दिलदार, मिस रंगीली आदि ब्रांड की तैयार नकली शराब की पेटी बरामद हुई।
पुलिस मौके से जखीरा पकड़कर गाड़ी में लादकर थाने ले आई लेकिन, पुलिस ने मामले पर लीपापोती शुरू कर दी। पुलिस ने कई घंटे तक मामले को छिपाने का प्रयास किया।
आखिरकार छापे की जानकारी एसपी देहात केशव कुमार सिंह को हुई तो उन्होंने फलावदा पुलिस को फटकार लगा कार्यवाही के निर्देश दिए। एसपी देहात ने सीओ मवाना उदय प्रताप सिंह को मौके पर भेज दिया। तब जाकर पुलिस ने लिखापढ़ी शुरू कर दी।
फटकार के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश भी शुरू कर दी। सीओ उदय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधान पद की उम्मीदवार के पति अजय सैनी सहित कई लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

