- शुक्रवार रात से मंगलवार सुबह तक 83 घंटे का लॉकडाउन
- कोरोना संक्रमण से बेखौफ दुकानों पर खरीददारों की उमडी भीड़
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शुक्रवार रात आठ बजे से लगने जा रहे तीन दिन के लॉकडाउन से पहले खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बाजारों में उमड़ पड़ी। सबसे ज्यादा पंसारी की दुकानों पर भीड़ दिखी जहां सोशल डिस्टेंस का जरा भी ख्याल नहीं रखा गया और दुकानदार भी कोरोना वायरस के संक्रमण से बेखौफ होकर दुकानदारी करते रहे। इसके अलावा बाजार में भी संक्रमण से बेखौफ होकर लोग घूमते नजर आए।
जनपद में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। कई प्रतिष्ठित लोगों समेत दर्जनों लोगों की जनपद में मौत भी हो चुकी हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए शहर के बर्तन व मोबाइल व्यापारियों समेत नवीन मंडी के व्यापारियों ने भी मंडी बंद कर दी है। कोरोना संक्रमण की स्थिति इतनी खराब होने के बावजूद भी शहर के बाजारों में लोगों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है।
शहर के बड़ा बाजार, नया बाजार, कबाड़ी बाजार, मिल रोड, नेहरू मार्किट में शुक्रवार को लोगों की भीड़ रहने से सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं किया गया। तीन दिन यानि शुक्रवार रात आठ बजे से मंगलवार की सुबह सात बजे तक 83 घंटे के लॉकडाउन से पूर्व लोग बाजारों में खरीदारी करते नजर आए। ज्यादातर भीड पंसारी की दुकानों पर नजर आई जहां से कोरोना से बेखौफ लोग सोशल डिस्टेंस भी भूल गए। रेडीमेड गारमेंट की दुकानों पर लोगों की भीड़ जमा रही।

