- चौकीदार और पुलिस पेंशनर्स की समस्याएं सुनीं
जनवाणी संवाददाता |
गढ़ीपुख्ता: बुधवार थाना गढ़ीपुख्ता पर थाना प्रभारी महावीर सिंह की अध्यक्षता में गांव चौकीदारों तथा पुलिस पेंशनरों की बैठक में थाना प्रभारी महावीर सिंह ने चौकीदारों व पुलिस पेंशनरों की समस्याओं को सुना तथा उनके जल्द से जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी ने कहा कि गांव चौकीदार पुलिस की आंख होते हैं जो गांवों में होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का सहयोग करते हैं, इसलिए चौकीदारों की हर समस्याओं का प्रमुखता से समाधान कराना पुलिस का दायित्व है। उन्होंने चौकीदारों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने गांवों में अवैध कारोबार करने वालों पर कड़ी नजर रखें तथा समय-समय पर ऐसे लोगों के बारे में पुलिस को सूचना दें ताकि पुलिस समय से कार्रवाई कर सके।
थाना प्रभारी ने पुलिस पेंशनरों की भी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि आप सभी पुलिस विभाग से ही हैं, यदि किसी भी पेंशनर्स को कोई समस्या हो, पड़ौस में कोई तंग करता हो, घरवाले परेशान करते हैं तो वह थाने आकर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं, उनकी समस्याओं का भी प्रमुखता से समाधान कराया जाएगा।
इस अवसर पर ऋषिपाल शर्मा, मोहर सिंह, मांगेराम, राजकुमार, महेन्द्र, सतपाल, मुस्तफा, दिलशाद, नाथीराम, ऋषिपाल, फुरकान, यामीन, सेवाराम आदि भी मौजूद रहे।

