- कार में रखे थे जेवरात और कीमती कपड़े
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: कस्बे के शिवालय रोड से चोरों ने कार में रखे दुल्हन के करीब चार लाख रुपयों के गहनों तथा कीमती कपड़ों के साथ कार चोरी हो गई। पीड़ितों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा पीड़ित परिजनों से घटना की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
कस्बे के शिवालय रोड निवासी इमरान की पुत्री की बारात शनिवार को कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव खुरगान से आई थी। शाम के समय खुरगान निवासी आजाद अपनी सेंट्रों कार में दुल्हन के गहनों सहित कीमती कपड़े लेकर बारात में आया था। दुल्हे के निकाह की तैयारी की जा रही थी।
दुल्हे के पिता कुर्बान ने अपने भाँजे आजाद को गाड़ी से दुल्हन के गहने और कीमती कपड़ों को लाने के लिए कहा लेकिन आजाद जब मकान से बाहर आया तो, घर के बाहर खड़ी गाड़ी नहीं मिली। गाड़ी के नहीं मिलने से बरातियों और घरातियों में हड़कंप मच गया। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिजनों से घटना की जानकारी ली।
पीड़ित के अनुसार, कार में दुल्हन के लगभग चार लाख रुपये के जेवरात और 40 हजार रुपये के कीमती कपड़े थे। थाना प्रभारी निरीक्षक रोजन्त त्यागी का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

