- चोरी की ज्वैलरी खरीदने के मामले में हिरासत में लिया
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: सीआईए करनाल ने दो बदमाशों की निशानदेही पर शामली के बड़ा बाजार से एक सर्राफ को हिरासत में लिया है। सीआईए का दावा है कि बदमाशों ने सर्राफ का ज्वैलरी बेची है। सीआईए टीम सर्राफ को अपने साथ करनाल ले गई है जहां पूछताछ की जाएगी।
हरियाणा राज्य के जनपद करनाल की सीआईए टीम शनिवार को शामली कोतवाली में पहुंची। जहां सीआईए ने आमद दर्ज कराते हुए शामली कोतवाली पुलिस को साथ लेकर शहर बड़ा बाजार स्थित एक ज्वैलर्स के यहां दबिश दी। सीआईए के साथ दो बदमाश भी थे जिनकी निशानदेही पर दबिश दी गई है और सीआईए ने बदमाशों द्वारा ज्वैलरी सर्राफ के यहां बेचने का दावा भी किया।
सीआईए ने सर्राफ की दुकान पर पहुंचकर पूछताछ की लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस दुकान पर बैठे सर्राफ को हिरासत में ले लिया और कोतवाली में ले गई। सीआईए करनाल की दबिश के बाद सर्राफ को हिरासत में लिए जाने की सूचना पर हड़कंप मच गया। वहीं शहर के दर्जनभर सर्राफ कोतवाली में जमा हो गए।
वहीं शामली कोतवाली के एसएसआई सत्यनारायण दहिया ने बताया कि बदमाशों ने करनाल में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिन्हें बाद में पुलिस ने दबोच लिया। उन्हीं की निशानदेही पर सीआईए ने सदर कोतवाली पुलिस को साथ लेकर दबिश देकर सर्राफ को हिरासत में लिया। फिलहाल सीआईए टीम सर्राफ को अपने साथ करनाल ले गई है।

