- चरथावल के पास गांव दधेडू में दो बाइकों की भिड़ंत में मौत
जनवाणी संवाददाता |
जलालाबाद: जलालाबाद के युवक की थाना चरथावल के गांव दधेडू में दो बाइकों की आपस में भिड़ंत के बाद मौत हो गई। युवक मुजफ्फरनगर से दवाई लेकर वापस लौट रहा था। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
जलालाबाद कस्बे के मोहल्ला आर्यनगर निवासी अंकुर सौदाई पुत्र राजकुमार सौदाई नगर पंचायत जलालबाद में ठेका सफाई कर्मी के तौर पर काम करता था। रविवार की रात में अंकुर मुजफ्फरनगर से अपनी मां की दवाई लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान थाना चरथावल के गांव दधेडू के निकट विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही अन्य बाइक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि युवक अंकुर बाइक से उछल कर काफी दूर जाकर गिरा। सड़क में सिर लगने से मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर चरथावल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। युवक की मौत की
सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। रात में ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे थे। परिजनों ने बताया कि मृतक अंकुर का विवाह 6 माह पूर्व ही हुआ था।

