जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र में शनिवार को बादल फटने से अफरा-तफरी मच गई। अचानक आए तेज पानी के बहाव और मलबे की चपेट में आने से कई वाहन बह गए, जबकि कई स्थानों पर संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लेने के साथ नुकसान का आकलन शुरू कर दिया।
बादल फटने के बाद क्षेत्र में पानी और मलबे का तेज बहाव देखने को मिला, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर छात्रू–किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। लोगों से मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
खराब मौसम के चलते जिले के सभी स्कूल बंद
लगातार खराब मौसम और बादल फटने की घटना के मद्देनजर जिला प्रशासन ने किश्तवाड़ जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।
प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक तैयारियां जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में सुधार और सड़क की स्थिति सामान्य होने के बाद ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल करने का निर्णय लिया जाएगा।

