- जिले में 96 नए केस मिले 1069 सक्रिय मामले
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जनपद में कोरोना संक्रमण का ग्राफ फरवरी से लगातार गिर रहा है। गुरुवार को सौ से कम 96 नए संक्रमित मिले हैं। जिले में 120 और मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही सक्रिय और होम आइसोलेशन के मामलों में और गिरावट दर्ज हुई है। राहत की बात यह है कि किसी और मरीज की मौत की खबर नहीं है।
सर्विलांस अधिकारी डा. अशोक तालियान ने बताया कि गुरुवार को 4864 लोगों के सैंपल की जांच में 96 की रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जनपद में 120 और मरीज कोरोना को हराकर ठीक हुए हैं। बताया कि सक्रिय केस 1069 और होम आइसोलेशन में 1032 मामले रह गए हैं।
गुरुवार को 4599 नए लोगों के नमूने जांच को लैब भेजे गए और अस्पताल में 37 नए संक्रमित भर्ती किए हैं। 96 मरीजों में 67 नए और 29 संपर्क के केस हैं। गुरुवार को जनपद में संजयनगर ही ऐसा क्षेत्र रहा, जहां दो अंकों में संक्रमितों की संख्या पहुंची और 11 केस मिले।
27096 ने कराया वैक्सीनेशन
जिले में गुरुवार को 27096 लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लगावाया है। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग, एचसीडब्लू व एफएलडब्लू समेत 951 को बूस्टर डोज लगी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. प्रवीण गौतम ने बताया कि गुरुवार को जनपद में 15 से 17 आयु वर्ग में 2618 किशोरों का वैक्सीनेशन किया गया है।

18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 8271 ने कोरोना से बचाव की पहली खुराक ली। दोनों वर्ग में पहली डोज लेने वालों की कुल संख्या 10889 और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में दूसरी खुराक लेने वालों की तादाद 15256 रही।
47148 को टीका लगना बाकी
जनपद में 98.16 फीसदी लोगों को कोरोना से बचाव की पहली खुराक लग गई है। दूसरी डोज लेने वालों की संख्या 70.3 फीसदी हैं। जिले में अब 47 हजार 148 लोग टीकाकरण से अछूते रह गए हैं।

