- अस्पताल के रोजाना नहीं खुलने पर जताई नाराजगी
- प्राथमिक स्कूल में निगरानी समिति की बैठक लेकर दिए दिशा निर्देश
जनवाणी संवाददाता |
चांदीनगर: कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए डीएम राजकमल यादव गांव-गांव निगरानी समिति की बैठक कर कोरोना से बचाव की जानकारी देने में लगे है और सोमवार को रटौल पीएचसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रोजाना अस्पताल के नहीं खुलने पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। उसके बाद प्राथमिक स्कूल में निगरानी समिति की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सोमवार को जिलाधिकारी राजकमल यादव रटौल पहुंचे और वहां पीएचसी का भ्रमण किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रटौल पहुंचे तो वहां गंदगी का अंबार मिला और प्रतिदिन न खुलने पर नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी देते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रटोल की साफ-सफाई करने और निरंतर स्वास्थ्य उपचार देने के निर्देश दिए।
कहा कि यदि किसी तरह की कोई शिकायत आती है तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रखें रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया। दवाइयों का स्टॉक रजिस्टर देखा। उन्होंने कार्यशैली में सुधार करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत रटौल निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने निगरानी समिति के समस्त सदस्य को निर्देशित किया कि नगर पंचायत के प्रत्येक नागरिक पर निगरानी समिति की निगाहें रहनी चाहिए।
अगर किसी के स्वास्थ्य संबंधित कोई समस्या है तो तत्काल उसका उपचार के लिए मेडिसन किट उपलब्ध कराई जाए। अगर स्थिति कंट्रोल में नहीं है तो उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए उसे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराएं, जिससे कि वह स्वास्थ्य लाभ ले सकें।
उन्होंने कहा निगरानी समिति थर्मल मीटर और आॅक्सो मीटर का प्रयोग करते हुए घर-घर अभियान चलाएं मेडिसन किट वितरण कराएं सैनिटाइजेशन अभियान भी निरंतर रूप से जारी रहे। एसडीएम खेकड़ा व अधिशासी अधिकारी को जिलाधिकारी ने दिए निर्देश कि निगरानी समिति की प्रतिदिन बैठक होनी चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम खेकड़ा अजय कुमार, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी आदि मौजूद रहे।

