- केवीके पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
जनवाणी संवाददाता |
शामली: कृषि विज्ञान केंद्र पर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग की आत्मा योजना अंतर्गत दो दिवसीय ‘प्राकृतिक गन्ना उत्पादन तकनीकी की चुनौतियां एवं संभावनाएं’ विषय पर आधारित प्रशिक्षण का समापन हो गया। इस अवसर पर गन्ना वैज्ञानिक डा. विकास मलिक ने जनपद के किसानों को प्राकृतिक गन्ना उत्पादन की तकनीक के साथ-साथ जीवामृत, घनजीवामृत अग्नियास्त्र, नीमस्त्र, ब्रह्मास्त्र आदि बनाने की विधियां प्रयोगात्मक रूप से बताई। साथ ही, केंद्र पर लगाए गए प्राकृतिक गन्ना तकनीकी ट्रायल का भ्रमण कराते हुए कृषकों को जानकारी दी। प्राकृतिक, जैविक और रासायनिक गन्ना उत्पादन तकनीकों के अंतर को स्पष्ट करते हुए किसानों को जागरूक किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर, उप कृषि निदेशक डा. शिवकुमार केसरी, डा. ओमकार सिंह ने कृषकों साथ सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर इंटरनेशनल ईयर आफ मिलेट्स अभियान का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने किसानों से प्राकृतिक गन्ना उत्पादन तकनीकी अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्युतीकरण का भी शुभारंभ किया। प्रशिक्षण में किसानों के अलावा कृषि विभाग के अधिकारी और डा. साकिब, काम्या सिंह आदि ने प्रतिभाग किया।

