- सीमा से बाहर मिला खनन, ओवरलोड वाहन मिले
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: मंगलवार की दोपहर सहारनपुर मंडलायुक्त के निर्देश पर एसडीएम शिवप्रकाश यादव व खनन अधिकारी वशिष्ठ यादव ने राजस्व टीम के साथ तहसील क्षेत्र के गांव नंगलाराई स्थित यमुना खादर में आवंटित खनन प्वाइंट पर छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने गहनता के साथ जांच-पड़ताल की। अफसरों को सीमांकन पिलर भी नहीं मिलें। सीमा क्षेत्र से भी खनन होते मिला है। अफसरों ने यमुना नदी के पानी के अंदर डंडे से गहराई की भी जांच की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खनन से कितरे गहरे कुंड बनाए गए हैं।
पॉर्कलेन मशीनों से पानी के अंदर से रेत निकालकर ऊंचे टीले लगे हुए भी मिले। खनन प्वाइंट पर रेत से भरे चार ओवरलोड वाहन भी मिले हैं। अफसरों ने रेत के टीलों को ढहाकर समतल कराने और यमुना नदी की जलधारा सुचारू कराये जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अधिकारियों ने रेत के वाहनों की निकासी का रिकॉर्ड और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। खनन पर जांच से संबंधित रिपोर्ट बनाकर तैयार कर ली गई है जिससे आला अफसरों को भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।

