- शामली कोतवाल ने किया था दोनों भाइयों को गैंगस्टर में मुकदमा
जनवाणी संवाददाता |
शामली: गैंगस्टर में निरुद्ध आरोपी कमल उपाध्याय को आदर्श मंडी थाना पुलिस ने शहर के बड़ा बाजार में एक दुकान से गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके भाई विकास उपाध्याय ने कैराना कोर्ट में चार दिन पहले सरेंडर कर दिया था। दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिशें दे रही थी।
शामली कोतवाली के तत्कालीन प्रभारी दीपक चतुर्वेदी ने नौ जुलाई को कमल उपाध्याय व विकास उपाध्याय पुत्रणग पदम उपाध्याय निवासीगण हनुमान रोड, निकट स्टेट बैंक शामली के खिलाफ गैंगस्टर में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। दोनों सगे भाइयों के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमें दर्ज थे जिसके आधार पुलिस ने गैंगचार्ट तैयार करते हुए जिलाधिकारी को गैंगस्टर में निरुद्ध करने के लिए पेश किया था।
जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद ही मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। इस मामले की विवेचना आदर्श मंडी थाना पुलिस को दी गई थी। पुलिस की लगातार दबिश के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी। गुरुवार को आदर्श मंडी थाना पुलिस ने एक सूचना के आधार पर शहर के बड़ा बाजार से कमल उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया। कमल उपाध्याय बाजार में एक बर्तन की दुकान पर बैठा था।
आदर्श मंडी थाना प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि कमल उपाध्याय को गिरफ्तार किया है जबकि उसके भाई व विकास उपाध्याय ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।

