जनवाणी संवाददाता |
देहरादून: उत्तराखंड के पांच जवानों के शहीद होने की खबर से देवभूमि में जहां शोक की लहर दौड़ गई तो वहीं पूरा देश रो पड़ा। आपको बता दें कि जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में आतंकवादियों ने घात लगाकर सेना की गाड़ी पर हमला कर दिया। इस हमले में उत्तराखंड के पांच जवान सूबेदार आनंद सिंह, हवलदार कमल सिंह, राइफलमैन अनुज नेगी, राइफलमैन आदर्श नेगी, नायक विनोद सिंह शहीद हो गए।
इस घटना की उत्तराखंड की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी ने घोर निंदा की है। विधानसभा अध्यक्ष ने जवानों की शहादत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकवादी हमले में शहीद सैनिकों के जज्बे और बहादुरी को सलाम करती हूं और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। साथ ही उन्होंने घायल सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

