- थाना परिसर में उपनिरीक्षकों की बैठक लेकर दिए आवश्यक टिप्स
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने सभी चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में चोरी,नकबजनी,वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सक्रिय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखे।
बुधवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने सभी उपनिरीक्षकों को दिशा निर्देश दे कर कहा कि सभी चौकी इंचार्ज अपने अपने क्षेत्र के जमानत पर छूटे हुए, चोरी , नकबजनी,लूट, वाहन चोरी के पूर्व में चिन्हित हुए ऐसे सभी अपराधियों की सूची बना कर अपनी डायरी के पहले पन्ने पर अंकित करे। इसके अलावा अपने अपने क्षेत्रों में ड्रग लेने वाले सभी ड्रगस्टि को चिन्हित करें। रात्रि में 12 बजे के बाद अनावश्यक रूप से सड़कों पर घूम रहे लोगों को टोके और कुछ संदिग्ध लगे तो तत्काल उन्हें थाने लाकर उनसे पूछताछ करें। इसके अलावा चोरी व आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए मौहल्ले के गणमान्य लोगों को उनकी सड़क के मुख्य रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करें और सभी कालोनियों व मौहल्लों में बैठके आयोजित कराने की व्यवस्था करें।
वहीं नगर व आसपास के क्षेत्रों की कालोनियों में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने को कोतवाल ने अब तक पांच कालोनियों में पहुंचकर वहां के निवासियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि आए दिन हो रही चोरियों पर अंकुश लगाए जाने के लिए लोगों का भी जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बैठक से बताए गए अनुसार प्रभावित होकर विजयनगर कालोनी निवासी व्यक्ति ने अपने घर पर कैमरा लगवाया है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से बैठक बुलाने की अपील की है। जिससे कि चोरियों पर अंकुश लग सके।

