- शराब माफिया को पकड़ने में विफल हुई पुलिस
- हजारों लीटर लाहन मौक पर किया नष्ट
जनवाणी संवाददाता |
बढ़ापुर: पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने रामगंगा नदी खादर क्षेत्र में अभियान चलाकर सैकड़ों लीटर कच्ची शराब व शराब बनाने के उपकरण सहित हजारों लीटर लाहन पकड़ा। जिसके उपरांत लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। परन्तु शराब माफियाओं को पकड़ने में संयुक्त टीम भी विफल रही।
मंगलवार को आबकारी विभाग की नजीबाबाद, नगीना, मुरादाबाद की टीमों ने थाना बढ़ापुर पुलिस के साथ मिलकर रामगंगा नदी खादर क्षेत्र के मदपुरी में कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। जिसमें दोनों विभाग की टीमों ने करीब 600 लीटर कच्ची शराब व शराब बनाने के उपकरण, दो बाइक के साथ हजारों लीटर लाहन मौके पर पकड़ा।
सोचनीय विषय यह है कि बीते चार दिन पहले भी पुलिस की टीम ने इसी इलाके मे छापेमारी कर सेकड़ों लीटर शराब व हजारों लीटर लाहन नष्ट किया था। चार दिन बाद दोबारा संयुक्त टीम को फिर वही हालात मिले जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शराब माफियाओं के हौंसले कितने बुलन्द है। अभियान के दौरान कच्ची शराब, लाहन, शराब बनाने के उपकरण व बाइक तो पुलिस व आबकारी विभाग की पकड़ में आ जाते हैं।
परन्तु शराब माफियाओं का बचकर निकल जाना पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगा जाता है। कच्ची शराब के खिलाफ चलाये गये अभियान में आबकारी निरीक्षक परिवर्तन मुरादाबाद कृष्ण मुरारी सिंह, आबकारी निरीक्षक नगीना सविता चौधरी, आसेराम, उपनिरीक्षक संजय कुमार, आबकारी विभाग के इमरानुल हक, दीपक कुमार,जगजीत सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल गुलाम अस्करी, योगेश कुमार, सुखबीर, जितेंद्र, सुरेंद्र गौरव, अमित आदि मौजूद रहे।

