- खिर्वा फ्लाईओवर पर चेकिंग के नाम पर ट्रैफिक पुलिस कर रही परेशान
- ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने मीडिया कर्मचारी के साथ की अभद्रता
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/कंकरखेड़ा: सूबे की योगी सरकार के जिले के प्रभारी मंत्री समेत दूसरे तमाम मंत्रियों व अफसरों से शिकायत के वावजूद चेकिंग के नाम पर ट्रैफिक पुलिस की लूट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सबसे ज्यादा बुरा हाल रुड़की रोड वाया टैंक चौराहा, मवाना रोड का है। इस रोड से गुजरने वाले वाहन खासतौर से ऐसे वाहन जो बाहरी नंबर के होते हैं या फिर जिनमें फैमिली जा रही होती हैं। उनको रोक लिया जाता है। इनके भले ही सारे पेपर पूरे हों उसके बावजूद कोई न कोई कमी गिनाकर चालान करने के नाम पर सीधे व सपाट लूट का खेल खेला जाता है।
आमतौर पर कहा जाता है कि टैÑफिक पुलिस वाले इस रूट पर बाहरी नंबर वाहनों का ही शिकार करते हैं। यह बात काफी हद तक सही है, लेकिन अब यह बात अपवाद रह गयी है। यदि अपनी सी पर आ जाए तो क्या बाहरी और क्या लोकल नंबर सभी गाड़ियों को चेकिंग के नाम पर रोक लिया जाता है। शोरूम से जो नई गाड़ियां आती हैं वो तकनीकि रूप से पूरी तरह फिट होती हैं,
लेकिन रविवार को इसी रूट पर एक मामले में पंजाब जाने के निकले एक शख्स को टैÑफिक एसआई ने रोक लिया। जब जमकर मनमानी की गयी। उसने तमाम सफाई दीं, लेकिन एसआई कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। यह अब आए दिन की बात हो गयी है। ऐसे मामलों की विगत दिनों मेरठ आए डीजीपी व शनिवार को एडीजी टैÑफिक से भी शिकायत की गयी थी, लेकिन हालात जस के तस रहे, हुआ कुछ भी नहीं।
चेकिंग के नाम पर आमजन हो रहे परेशान
खिर्वा फ्लाईओवर के नीचे ट्रैफिक पुलिस कर्मी चेकिंग के नाम पर आमजनों को परेशान कर रही हैं। जिसको लेकर स्थानीय व्यापारियों में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को लेकर आक्रोश है। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की हरकतों से व्यापारी भी परेशान चल रहे हैं। व्यापारियों ने कहा कि अगर ट्रैफिक कर्मियों ने अपनी गलत हरकतों पर अंकुश नहीं लगाया तो वह उच्च अधिकारियों से मिलेंगे। रविवार को ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने एक मीडिया कर्मचारी के साथ भी अभद्रता की।
खिर्वा रोड स्थित व्यापारी विनोद, चंदवीर, आशीष गुप्ता, बबलू जिटोली व पार्षद पति सुभाष जिटौली ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के नाम पर काफी समय से स्थानीय व्यापारियों व राहगीरों को परेशान कर रही है। कुछ दिन पूर्व ट्रैफिक कर्मी ने एक कार सवार को रोक लिया था। जिसमें एक बीमार बुजुर्ग महिला थी। कार सवार ने ट्रैफिक कर्मियों को बीमार महिला को अस्पताल ले जाने की बात कही थी। जिस पर ट्रैफिक कर्मी व कार सवार युवक में कहासुनी हो गई थी।
व्यापारियों का आरोप है कि आसपास के स्थानीय लोगों को भी चेकिंग के नाम पर ट्रैफिक पुलिस परेशान कर रही है। जिस कारण दुकानों पर ग्राहकों ने दुकानों पर आना बंद कर दिया है। चेकिंग के नाम पर ट्रैफिक पुलिस लोगों से अभद्रता करती है। अगर कोई राहगीर ट्रैफिक कर्मियों की हरकतों का विरोध करता है। तो उसे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। व्यापारियों का कहना है कि अगर ट्रैफिक कर्मियों ने लोगों को बेवजह परेशान करना बंद नहीं किया तो वह धरना प्रदर्शन करेंगे और मामले को उच्च अधिकारियों से अवगत कराएंगे।
मीडिया कर्मी से की अभद्रता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बाइक सवार मीडिया कर्मी सड़क किनारे खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था। किसी भी होमगार्ड नीरज व ट्रैफिक हेड कांस्टेबल मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने मीडिया कर्मी से बाइक आगे ले जाने के लिए कहा। जिस पर मीडिया कर्मी ने बाइक थोड़ी आगे ले जाकर रोक ली। आरोप है कि होमगार्ड व हेड कांस्टेबल दोबारा से वापस आए और मीडिया कर्मी के साथ गलत व्यवहार करने लगे। जिसका मीडिया कर्मी ने विरोध किया। जिस पर गुस्साए ट्रैफिक कर्मियों ने मीडिया कर्मी की वीडियो बनानी शुरू कर दी है।

