- इस तरह के कार्यक्रम से आम जन तक पहुंचेगा विज्ञान : जगदीश पांचाल
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार (नई दिल्ली) के सहयोग से कायनात एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी, हरदोई के तत्वावधान में लोक कला के माध्यम से विज्ञान जागरूकता कारवां को जगदीश पांचाल (सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग) बीडीओ डॉक्टर नेहा शर्मा, बीईओ ध्यानचंद्र, सीडीपीओ प्रविता शर्मा, एआरपीएस नाथीराम ने सयुक्त रूप से हरी झडी दिखा कर किया।
कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा जल संरक्षण पर आधारित लोक नाटक प्रस्तुत करके जल संरक्षण के उपाय बताए। इसके अलावा जीवन जल के महत्व के बारे में प्रस्तुति देकर जानकारी दी। कारवां की शुरुआत बी आर सी बिलासपुर सादर से हुई। उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि ने बच्चों व अध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा कई जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं और इसी क्रम में विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम भी चल रहा है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम होते रहना चाहिए।ताकि आम जनमानस तक विज्ञान पहुंच सके। संस्था सचिव अनस फारूकी ने संस्था का परिचय देते हुए आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में दीपा सिंगल, संगीता त्यागी, रामधन गुप्ता, शिव कुमार प्रतिभा चंदेल मणि सेठी दीपक मुधिगिल आदि उपस्थित रहे।

