नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। 14 जून 2020 को बॉलीवुड ने एक उभरता हुआ सितारा खो दिया था। सुशांत सिंह राजपूत की असमय मौत ने न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री, बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। आज उनकी पांचवीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में श्वेता ने सुशांत की जिंदगी की झलकियां दिखाईं—उनकी मुस्कान, उनके विचार, और उनके जीवन का सकारात्मक नजरिया। ऐसे में चलिए जानते है श्वेता ने क्या कहा।
इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया वीडियो
श्वेता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि सुशांत किस सोच और भावनाओं के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि उनका भाई सिर्फ एक एक्टर नहीं, बल्कि एक सोच था- एक ऐसा इंसान जो जीवन, ज्ञान और प्यार में यकीन करता था। वीडियो में श्वेता ने सुशांत की मासूमियत, उनकी जिज्ञासा और उनके अंदर छिपे एक बच्चे जैसे स्वभाव को याद करते हुए सभी से कहा कि वह आज भी हर उस इंसान में जिंदा हैं जो इन मूल्यों को जीता है।
हमेशा अच्छाई, सच्चाई और प्रेम के साथ खड़े रहते थे
श्वेता ने साफ कहा कि सुशांत के नाम का इस्तेमाल नफरत या नकारात्मकता फैलाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा कि जो लोग भाई को जानते थे, वो ये बात समझते हैं कि वो हमेशा अच्छाई, सच्चाई और प्रेम के साथ खड़े रहते थे। उन्होंने आगे कहा कि हर बार जब हम किसी की मदद करते हैं, किसी को बिना शर्त अपनाते हैं या कुछ नया सीखने के लिए प्रयास करते हैं, तब हम सुशांत को जीवित रखते हैं।
श्वेता ने इस मौके पर यह भी बताया कि सीबीआई ने अब अपनी रिपोर्ट कोर्ट में सौंप दी है और परिवार उसे प्राप्त करने की प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि भले ही इंसाफ की राह लंबी हो, पर विश्वास और उम्मीद को कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
श्वेता ने तस्वीरें की शेयर
वीडियो के साथ-साथ श्वेता ने कुछ थ्रोबैक तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें सुशांत अपने पिता और श्वेता के साथ नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों में उनकी हंसी, उनके चेहरे पर सजी वो मासूमियत आज भी देखने वालों की आंखें नम कर देती है।
बता दें कि, श्वेता सिंह कीर्ति ने सुशांत की मौत के बाद से ही लगातार न्याय की मांग उठाई है। मार्च 2024 में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की थी कि इस मामले की जांच को तेज किया जाए। सुशांत के चाहने वालों के लिए यह दिन सिर्फ एक अभिनेता की याद का नहीं बल्कि एक प्रेरणा की विरासत को जीवित रखने का दिन है।

