Monday, February 16, 2026
- Advertisement -

UP News: 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी सपा, अखिलेश यादव ने सांसदों की बैठक बुलाई

जनवाणी ब्यूरो |

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अखिलेश यादव ने 20 जनवरी को लखनऊ में पार्टी के सभी सांसदों की अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में लोकसभा के 37 और राज्यसभा के 4 सांसद शामिल होंगे।

सपा सूत्रों के मुताबिक, बैठक में प्रत्येक संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और जमीनी फीडबैक पर चर्चा होगी। बैठक का मुख्य उद्देश्य 2027 के चुनाव के लिए ठोस रणनीति और रोडमैप तैयार करना है।

लखनऊ कैंट में विनय शंकर तिवारी की तैनाती से मिले सियासी संकेत

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और एसआईआर (Special Intensive Revision) से जुड़े कार्यों की निगरानी के लिए पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के पुत्र और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी को जिम्मेदारी सौंपकर भविष्य की रणनीति के संकेत दे दिए हैं।

लखनऊ कैंट से वर्तमान में भाजपा विधायक और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक निर्वाचित हैं। ऐसे में इस सीट पर सपा की सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

महानगर अध्यक्ष को भेजा गया आधिकारिक पत्र

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से इस संबंध में लखनऊ महानगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी को पत्र भेजा गया है। पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए सिद्दीकी ने बताया कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारी कर रही है।

पत्र में कहा गया है कि अखिलेश यादव के निर्देश पर विनय शंकर तिवारी और पूर्व मंत्री तेज नारायण उर्फ पवन पांडेय को कैंट विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। दोनों नेताओं को संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ फॉर्म संख्या 6, 7 और 8 से संबंधित कार्यों को पूरा कराने और आपत्तियों के निस्तारण की जिम्मेदारी दी गई है।

ब्राह्मण बहुल सीट पर सपा की विशेष नजर

लखनऊ कैंट विधानसभा सीट को ब्राह्मण बहुल माना जाता है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर ब्रजेश पाठक ने यहां से जीत दर्ज की थी। उल्लेखनीय है कि ब्रजेश पाठक और विनय शंकर तिवारी पूर्व में बसपा में साथ-साथ राजनीतिक सफर तय कर चुके हैं।

सपा द्वारा विनय शंकर तिवारी को कैंट विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपे जाने को 2027 चुनाव की रणनीतिक चाल के रूप में देखा जा रहा है।

सपा ने भंग की बरेली जिला इकाई

इस बीच, सपा नेतृत्व ने बरेली जिला कार्यकारिणी को अध्यक्ष समेत भंग कर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जल्द ही नई जिला कमेटी का गठन किया जाएगा। अखिलेश यादव ने इसके लिए संगठनात्मक होमवर्क पूरा कर लिया है, और इस बार समाजवादी पृष्ठभूमि से जुड़े पुराने कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

spot_imgspot_img