जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने गुरूवार को भारत रत्न लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर कृतज्ञ श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने राजधानी लखनऊ के अटल चौक जीपीओ परिसर में स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पार्चन करते हुए कहा कि सरदार पटेल द्वारा प्रशस्त मार्ग पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भाजपा सरकारें एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को पूर्ण कर रहीं है।
चौधरी ने पुण्यतिथि पर लौह पुरूष को नमन करते हुए कहा कि आधुनिक भारत के शिल्पकार, राष्ट्रीय एकता व अखण्डता के प्रणेता सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 565 से अधिक रियासतों का भारत में विलय करके एक भारत-श्रेष्ठ भारत का लौह संकल्प पूर्ण किया और देश को एकता व अखण्डता के सूत्र में पिरोया। राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के विराट व्यक्तित्व के अनुरूप ही विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कराकर अपनी निष्ठा व कृतज्ञता प्रदर्शित की है।

