- मुख्यमंत्री का खौफ, रातों रात हटाया जा रहा अतिक्रमण
- परेशान दुकानदार सामान समेटकर लौटे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मुख्यमंत्री का दौरा मेरठ में क्या हो रहा है सड़क किनारे खड़ी होकर अपनी रोजी रोटी का इंतजाम करने वाले दुकानदारों की जान ही आफत में आ गई। नगर निगम ने उनकी दुकानों पर अपना बुलडोजर चला दिया। जबकि दूसरी ओर बड़े-बड़े धन्ना सेठों ने सड़क किनारे इतनी जमीन कब्जाई हुई है उस ओर कोई देखने वाला नहीं है। गढ़ रोड तेजगढ़ी के पास नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर सभी खोखों को वहां से हटा दिया जिससे लोगों का काफी नुकसान हुआ।
बता दें कि मेरठ में आज मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा है। वह आज दोपहर में मेरठ में होंगे। यहां वह कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण करेंगे उसके बाद वह कहीं भी जा सकते हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर नगर निगम की टीम पिछले दो दिनों से गढ़ रोड, हापुड़ रोड समेत तमाम जगहों पर अतिक्रमण हटाने पर लगी हुए हैं। यहां टीम ने तेजगढ़ी चौराहे से लेकर मेडिकल तक लगने वाले सभी खोखों को हटा दिया।
बता दें कि काफी संख्या में लोग यहां दुकानें लगाकर अपनी रोजी रोटी का इंतजाम कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से शनिवार को सभी को हटा दिया गया। इसके पीछे का कारण अधिकारियों ने सौंदर्यीकरण बताया। जबकि हकीकत कुछ ओर ही है। अब नगर निगम के इस अतिक्रमण अभियान से यहां सब्जी और फलों की दुकान लगाने वाले लोगों को काफी नुकसान हुआ है।
टीम ने उनकी दुकानें तक तोड़ डाली। ऐसी एक या दो नहीं बल्कि पचास से अधिक दुकानों को हटाया गया। चाय के खोखों पर बुलडोजर चला दिया गया। आखिर क्या कसूर है इन लोगों का। जबकि शहर की कई ओर जगहों पर नजर डाले तो लोगों ने गढ़ रोड पर ही अपनी दुकानों और मकानों के सामने जमीन कब्जा रखी है, लेकिन उसे कोई हटाने वाला नहीं है।

