जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: रविवार की रात्रि लगभग 1:30 बजे मंडावली थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर चाठा निवासी सागर सिंह सैनी उम्र 65 वर्ष पुत्र मंगल सिंह कि अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गई पूर्व प्रधान सागर सिंह सैनी रात नौ बजे खाना खाने के बाद घर के आंगन में सो रहे थे। पास में उनका पुत्र हरेंद्र सिंह भी सोया हुआ था।
अचानक अज्ञात बदमाशों ने सागर सिंह सैनी के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए गोली की आवाज सुनते ही पास में सोया हुआ पुत्र भी नींद से उठा और शोर मचा दिया। तभी परिवार वाले और गांव के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। मृतक के पुत्र हरेंद्र सिंह की ओर से पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर मंडावली थाना अध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़ मय फोर्स के पहुंचे, साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

