जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में नर्सिंग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने 14 नए राजकीय नर्सिंग कॉलेज खोलने की मंजूरी दी है। इन कॉलेजों का संचालन संबंधित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों के तहत किया जाएगा। प्रत्येक कॉलेज में बीएससी नर्सिंग की 60 सीटें होंगी। इस तरह प्रदेश में बीएससी नर्सिंग की कुल 840 सीटों का इजाफा होगा।
नए नर्सिंग कॉलेजों में शैक्षिक सत्र 2027-28 से पढ़ाई शुरू होने की योजना है। सरकार ने मेडिकल कॉलेजों की तर्ज पर प्रदेश के प्रत्येक जिले में नर्सिंग कॉलेज उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार की है।
अभी 23 राजकीय कॉलेजों में हो रही पढ़ाई
फिलहाल प्रदेश के 23 राजकीय कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग का पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इनमें करीब 1,400 सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा प्रदेश के 235 निजी नर्सिंग कॉलेजों में लगभग 11 हजार सीटें हैं।
राज्य सरकार ने अगस्त में राजकीय नर्सिंग कॉलेजों की संख्या बढ़ाने की योजना तैयार की थी। इसी क्रम में अब 14 जिलों में नए कॉलेज खोलने को मंजूरी दी गई है।
चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी
नए नर्सिंग कॉलेजों के संचालन की जिम्मेदारी संबंधित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सौंपी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि पाठ्यक्रम शुरू करने से पहले संबंधित नियामक संस्थाओं के आदेश, निर्देश और निर्धारित मानकों का अध्ययन कर उनका पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।
इन जिलों में खुलेंगे नए नर्सिंग कॉलेज
नए राजकीय नर्सिंग कॉलेज मिर्जापुर, हरदोई, प्रतापगढ़, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, अमेठी, सुल्तानपुर, एटा, गाजीपुर, सोनभद्र, कौशांबी, ललितपुर, लखीमपुर खीरी और बिजनौर में खोले जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले समय में अन्य स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों में भी नर्सिंग कॉलेज खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। इससे सरकारी संस्थानों में नर्सिंग की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिलेंगे।

