- कस्टडी रिमांड पर लेकर दबिश को गई थी हरियाणा पुलिस
- आरोपियों ने पुलिस से मारपीट कर अपराधी को छुड़ाया
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: मुजफ्फरनगर जेल से कस्टडी रिमांड पर लेकर गांव रामड़ा में दबिश देने गई हरियाणा पुलिस पर हमला कर लोगों ने एक टॉप-10 अपराध को छुड़ा लिया। कैराना पुलिस द्वारा 15 दिन पहले ही तंमचे के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में हरियाणा पुलिस तहरीर पर कैराना कोतवाली में 12 नामजद व 20-25 अज्ञात महिला-पुरूषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मंगलवार सुबह हरियाणा के थाना शाहबाद के एएसआई रामेश्वर मुजफरनगर जेल में बंद गंगोह थाने के टॉप-10 अपराधी सोनू उर्फ कुरबान निवासी गांव बेगीनाजर थाना गंगोह जिला सहारनपुर हाल निवासी गांव रामडा कैराना को एक दिन के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर कैराना के गांव रामडा पहुंची।
यहां पर हरियाणा पुलिस कस्टडी में लिए गए आरोपी की निशानदेही पर उनके क्षेत्र में हुई चोरी की भैंस बरामद करने पहुंची थी। इसी दौरान रामडा में हरियाणा पुलिस की गाडी के पीछे किसी ने बुग्गी अडा दी। जिसके बाद महिलाओं व पुरूषों ने हरियाणा पुलिस के साथ हाथापाई, मारपीट करते हुए वर्दी तक फाड़ दी।
इस दौरान पुलिस कस्टडी से सोनू उर्फ कुरबान को छुडा कर अपने साथ ले गई। बाद में हरियाणा पुलिस ने कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया। जिस पर कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया।
सूचना पर शाहबाद थाने के एसएचओ भी कोतवाली पहुंचे। बाद में शाहबाद थाने के एएसआई रामेशवर ने कोतवाली में सोनू उर्फ कुरबान, काला उर्फ अरशद, भूरा, अफसरूण, शमशाद, जमशेद, इमरान, हमीद, शालून, सालिम, फुरकान व मान्ना निवासी रामडा व 20-25 अज्ञात महिला व पुरूषो के विरूद्ध पुलिस पर जान लेवा हमला, सरकारी काम में बाधा व अपराधी को पुलिस कस्टडी से छुडाने की धाराओ में मुकदमा दर्ज कराया।
सीओ जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश अभियान चला रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पर हमले के किसी भी आरोपी को बश्खा नहीं जाएगा।
-नित्यानंद राय, एसपी शामली।

